BCCI अध्यक्ष गांगुली ने कहा- जल्द आएगा सूर्यकुमार यादव का समय
मध्यक्रम बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जगह ना दिए जाने पर बीसीसीआई को आलोचना झेलनी पड़ी।
Published On Nov 05, 2020, 01:26 PM IST
Last UpdatedNov 05, 2020, 01:26 PM IST
साल के आखिर में होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने वाले भारतीय स्क्वाड का ऐलान होने के बाद से मध्यक्रम बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को इस सीरीज पर मौका ना दिए जाने को लेकर बीसीसीआई को काफी आलोचना झेलनी पड़ी है। हालांकि अब अध्यक्ष सौरव गांगुली ने खुद इस मामले पर बयान दिया है।
पूर्व भारतीय कप्तान ने सूर्यकुमार की जमकर तारीफ की और कहा है कि इस खिलाड़ी के नीली जर्सी पहनने का समय बहुत जल्द आएगा। हिंदुस्तान टाइम्स को दिए बयान में गांगुली ने कहा, “वो एक बहुत अच्छा खिलाड़ी है, उसका समय जल्दी आएगा।”
BBL 2020-21: एक हफ्ते के लिए स्थगित हुआ बिग बैश लीग का दसवां सीजन
इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन में 14 मैचों में कुल 512 रन बनाए हैं। ये लगातार तीसरा सीजन है जब यादव ने आईपीएल में 400 रनों का आंकड़ा पार किया है।
हालांकि यादव अकेले ऐसे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी नहीं हैं जिन्होंने इस सीजन बीसीसीआई अध्यक्ष को प्रभावित किया है। गांगुली ने राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन, कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी, शुभमन गिल और ऑफ स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के साथ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के सलामी बल्लेबाज देवदत्त पाडिक्कल की भी तारीफ की।
इन सभी खिलाड़ियों में से केवल सैमसन और चक्रवर्ती को ऑस्ट्रेलिया जाने वाले भारतीय टी20 स्क्वाड में जगह मिली है।