- Home
- News
- T Natarajan Lungi Ngidi and Samir rizvi Shines as Delhi capitals beat LSG By six wickets in IPL 2026
IPL 2026: समीर रिजवी ने दिलाई दिल्ली कैपिटल्स को धमाकेदार जीत, लखनऊ को अपने घर में मिली हार
लखनऊ की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुई 18.4 ओवर में 141 रन रन पर ढेर हो गई, दिल्ली की टीम ने 17.1 ओवर में टारगेट को हासिल कर लिया.
Published On Apr 01, 2026, 11:27 PM IST
Last UpdatedApr 01, 2026, 11:27 PM IST
DC Win
आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने जीत के साथ शुरुआत की है. बुधवार को खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपरजायंट्स को उसके घर में छह विकेट से हरा दिया. लखनऊ की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुई 18.4 ओवर में 141 रन रन पर ढेर हो गई, दिल्ली ने 17.1 ओवर में इस टारगेट को चार विकेट खोकर हासिल कर लिया.
सुपर जाइंट्स के 142 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने इंपेक्ट प्लेयर के रूप में उतरे रिजवी की 47 गेंद में चार छक्कों और पांच चौकों से नाबाद 70 रन की पारी और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 39, 32 गेंद, तीन चौके, एक छक्का) के साथ उनकी पांचवें विकेट की 119 रन की नाबाद साझेदारी से 26 रन पर चार विकेट गंवाने के बावजूद जीत दर्ज की.
सुपर जाइंटस की टीम इससे पहले तेज गेंदबाजों लुंगी एनगिडी (27 रन पर तीन विकेट) और टी नटराजन (29 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.4 ओवर में 141 रन पर सिमट गई. कुलदीप यादव (31 रन पर दो विकेट) ने भी दो विकेट हासिल किए. सुपर जाइंट्स की ओर से अब्दुल समद (36) और सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (35) ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए. इन दोनों के अलावा टीम का अन्य कोई बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया.
दिल्ली कैपिटल्स ने पावरप्ले में गंवाए चार विकेट
लक्ष्य का पीछा करने उतरे दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पांचवें ओवर में 26 रन तक ही चार विकेट गंवा दिए. केएल राहुल (00) ने मोहम्मद शमी (28 रन पर एक विकेट) की पारी की पहली गेंद पर डीप प्वाइंट पर मोहसिन खान को कैच थमाया. नितीश राणा (15) ने शमी और प्रिंस यादव (20 रन पर दो विकेट) पर चौके जड़े, उन्होंने शमी पर छक्का भी मारा लेकिन मोहसिन (19 रन पर एक विकेट) की गेंद पर स्लिप में समद को कैच दे बैठे. सलामी बल्लेबाज पथमु निसांका (01) ने प्रिंस की गेंद को हवा में लहराकर विकेटकीपर कप्तान ऋषभ पंत को कैच थमाया जबकि इसी ओवर में दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल (00) भी बोल्ड हो गए. दिल्ली ने पावर प्ले में चार विकेट पर 33 रन बनाए.
समीर रिजवी ने 37 बॉल में जड़ा अर्धशतक
ट्रिस्टन स्टब्स और समीर रिजवी ने इसके बाद पारी को संभाला. रिजवी ने एनरिच नोर्किया की गेंद पर विकेट के पीछे छक्का जड़कर आठवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया, स्टब्स ने शमी पर चौका मारा जबकि रिजवी ने स्पिनर शाहबाज अहमद का स्वागत तीन चौकों के साथ किया, रिजवी ने एडेन मारक्रम की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ 37 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और 14वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया. दिल्ली को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 29 रन की जरूरत थी और रिजवी ने मोहसिन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया और फिर समद पर छक्के के साथ दिल्ली को जीत दिला दी.
लखनऊ सुपरजाइंट्स की धीमी शुरुआत
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, मगर लखनऊ सुपर जाइंट्स की शुरुआत धीमी रही. सुपर जाइंट्स ने तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर पंत (07) का विकेट गंवा दिया जो रन आउट हुए. मार्श ने मुकेश कुमार की गेंद पर सीधा शॉट खेला और गेंदबाज के हाथ से छूने के बाद गेंदबाजी छोर पर गेंद विकेटों से टकरा गई जबकि पंत क्रीज से बाहर खड़े थे. मार्श ने मुकेश पर पारी का पहला छक्का जड़ा. एडेन मारक्रम (11) ने भी अक्षर की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया लेकिन अगली गेंद को चूककर बोल्ड हो गए. सुपर जाइंट्स ने पावर प्ले में दो विकेट पर 48 रन बनाए. आयुष बडोनी भी खाता खोले बिना नटराजन की गेंद पर विकेटकीपर लोकेश राहुल को कैच दे बेठे.
लुंगी एनगिडी- नटराजन ने गेंद से बरपाया कहर
मार्श ने एनगिडी पर एक और छक्का जड़ा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने निकोलस पूरन (08) को बोल्ड करके सुपर जाइंट्स को चौथा झटका दिया. मार्श भी इसके बाद कुलदीप की गेंद को हवा में खेलकर मिड ऑफ पर ट्रिस्टन स्टब्स को कैच दे बैठे जिससे सुपर जाइंट्स का स्कोर पांच विकेट पर 71 रन हो गया। उन्होंने 28 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और दो चौके मारे.
मुकुल चौधरी (14) ने कुलदीप पर लगातार दो चौके मारे जबकि समद ने नटराज पर चौके के साथ 13वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. कुलदीप ने मुकुल को अपनी ही गेंद पर लपककर समद के साथ उनकी 34 रन की साझेदारी का अंत किया. समद ने नटराजन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ रन गति में इजाफा किया लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर बढ़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर मिलर को कैच दे बैठे. उन्होंने 25 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का मारा. नटराज ने इसी ओवर में मोहम्मद शमी (01) को भी कुलदीप के हाथों कैच कराया जबकि एनगिडी ने एनरिच नोर्किया (00) और मोहसिन खान (00) को आउट करके सुपर जाइंट्स की पारी का अंत किया.