• Home
  • News
  • T10 League: Shahid Afridi unbeaten half century powers Pakhtoons beat Northern Warriors by 13 runs

टी-10 लीग: आफरीदी के धूमधड़ाके से पख्‍तूंस को मिली शानदार जीत

136 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी सैमी की अगुवाई वाली नॉदर्न वॉरियर्स टीम 4 विकेट पर 122 रन ही बना सकी।

Edited By : Kamlesh Rai |Dec 01, 2018, 08:04 PM IST

Published On Dec 01, 2018, 08:04 PM IST

Last UpdatedDec 01, 2018, 08:04 PM IST

Shahid Afridi © Getty Images

अनुभवी ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी की कप्‍तानी पारी की बदौलत पख्‍तूंस ने नॉदर्न वॉरियर्स को 13 रन से पराजित कर टी-10 लीग में अपनी चौथी जीत दर्ज की।

शारजाह में शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में नॉदर्न वॉरियर्स के कप्‍तान डेरेन सैमी ने टॉस जीतकर पख्‍तूंस को पहले बल्‍लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पख्‍तूंस की शुरुआत अच्‍छी नहीं रही।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पख्‍तूंस ने कुल स्‍कोर में अभी नौ रन ही जुड़े थे कि ओपनर कैमरन डेलपोर्ट को 5 रन के निजी योग पर आंद्रे रसेल ने बोल्‍ड कर दिया। 45 रन के स्‍कोर पर आंद्रे फ्लेचर भी 14 रन बनाकर आउट हो गए।

कोलिन इंग्राम कुछ खास कमाल नहीं कर सके और 11 रन की पारी खेल वो भी चलते बने। शफीकुल्‍लाह ने 22 जबकि डॉसन ने 15 रन का योगदान दिया।

इसके बाद मैन ऑफ द मैच रहे आफरीदी का धूमधड़ाका शुरू हुआ जिन्‍होंने 17 गेंदों पर नाबाद 59 रन की पारी खेली जिसमें 3 चौके और 7 छक्‍के शामिल थे। आफरीदी की इस ताबड़तोड़ पारी की बदौलत पख्‍तूंस टीम 5 विकेट पर 135 रन बनाने में सफल रही।

4 विकेट पर 122 रन ही बना सकी नॉदर्न वॉरियर्स

136 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी सैमी की अगुवाई वाली नॉदर्न वॉरियर्स टीम 4 विकेट पर 122 रन ही बना सकी। उसकी ओर से रोमैन पॉवेल ने 35 गेंदों पर नाबाद 80 रन की पारी खेली।

रोमैन पॉवेल ने अपनी इस अर्धशतकीय पारी में 4 चौके और 9 छक्‍के लगाए। ओपनर लेंड्ल सिमंस ने 16 गेंदों पर 24 रन की पारी खेली। पख्‍तूंस की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्‍मद इरफान ने सबसे अधिक 2 विकेट लिए।

आफरीदी ने 347.05 के स्‍ट्राइक रेट से बनाए रन

पख्‍तूंस की कप्‍तानी कर रहे 38 साल के शाहिद आफरीदी ने 347.05 के स्‍ट्राइक रेट से नाबाद 59 रन बनाए। उन्‍होंने मौजूदा सीजन में अब तक 6 मैचों में कुल 67 रन बनाए हैं।

प्‍वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है पख्‍तूंस

पख्‍तूंस टीम ने टी-10 लीग के मौजूदा सीजन में अब तक 6 मैच खेले हैं जिसमें से उसे 4 में जीत मिली है जबकि दो मुकाबलों में आफरीदी की टीम को हार का सामना करना पड़ा है। पख्‍तूंस टीम 8 अंकों के साथ प्‍वाइंटस टेबल में दूसरे नंबर पर है।

हार के बावजूद नॉदर्न वॉरियर्स टॉप पर

डेरेन सैमी की टीम हार के बावजूद प्‍वाइंटस टेबल में टॉप पर है। वॉरियर्स की मौजूदा सीजन में ये पहली हार है। उसने अब तक 6 मैच खेले हैं जिसमें उसे 5 में जीत मिली है। 10 अंकों के साथ नॉदर्न वॉरियर्स प्‍वाइंटस टेबल में टॉप पर है।

Editor's Pick