विश्व कप से पहले भारत को हराकर ऑस्ट्रेलिया को मिला आत्मविश्वास
"मुझे लगता है कि भारत में मिली सीरीज जीत, खासकर टी-20 सीरीज जीतने से मुझे यह अहसास हुआ कि हमें विश्व कप में इसका फायदा मिल सकता है।"
Published On Jul 02, 2019, 05:16 PM IST
Last UpdatedJul 02, 2019, 05:16 PM IST
PAT Cummins @IANS
आईसीसी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर रही मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनीं। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने कहा है कि भारत में टी-20 सीरीज जीतने से टीम के अंदर यह आत्मविश्वास पैदा हुआ कि वह विश्व कप जीत सकती है।
न्यूज डॉट कॉम डॉट एयू ने कमिंस के हवाले से लिखा, “मुझे लगता है कि भारत में मिली सीरीज जीत, खासकर टी-20 सीरीज जीतने से मुझे यह अहसास हुआ कि हमें विश्व कप में इसका फायदा मिल सकता है।”
पढ़ें:- सेमीफाइनल में जगह पक्की करने उतरेंगे इंग्लैंड और न्यूजीलैंड
कमिंस ने इस साल 27 फरवरी को बेंगलुरु के एम.ए. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए टी-20 मैच का विशेष रूप से जिक्र किया जिसमें ऑस्ट्रेलिया को 191 रन का लक्ष्य मिला था। ऑस्ट्रेलिया ने ग्लैन मैक्सवेल के 55 गेंद पर बनाए गए नाबाद 113 रन की बेहतरीन शतकीय पारी के दम पर दो गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया था।
कमिंस ने कहा, “बेंगलुरु में मैक्सवेल ने शतक जड़ा और हमने वहां अप्रत्याशित जीत हासिल की। इससे हमें बहुत आत्मविश्वास मिला। हमें एक खास टीम की तरह महसूस हुआ। कुछ महत्वपूर्ण जीतों से हमें यह महसूस हुआ है कि हम कहीं भी जीत सकते हैं।”
ऑस्ट्रेलिया ने इस विश्व कप में आठ में से सात मैच जीते हैं और वह सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम है।
कमिंस ने कहा, “हर कोई अपनी भूमिका को लेकर सहज हैं। हर कोई अच्छी स्थिति में है। हम उसी तरह से खेल रहे हैं, जिस तरह से हम खेलना चाहते हैं।”