- Home
- News
- T20 world cup 2021 india should build team india around kl rahul it will ease down pressure on virat kohli says brett lee 5054020
T20 World Cup 2021: भारत खिताब का प्रबल दावेदार, KL Rahul को धुरी बनाकर खुद पर दबाव कम करें Virat Kohli: ब्रेट ली
IPL ने भारत को कई युवा खिलाड़ी दिए हैं, जिनमें शानदार बल्लेबाज के साथ-साथ बेहतरीन फास्ट बॉलर भी शुमार हैं.
Published On Oct 14, 2021, 01:55 PM IST
Last UpdatedOct 14, 2021, 01:55 PM IST
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली (Brett Lee) ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2021) में टीम इंडिया को खिताब का प्रबल दावेदार बताया है. इसके साथ ही उन्होंने भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) को सलाह भी दी है कि केएल राहुल (KL Rahul) को भारतीय बैटिंग का प्रमुख ‘स्तंभ’ बनाए, जिससे उन पर दबाव कम रहे. राहुल हाल इस सीजन आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जो दर्शाता है कि वह किस शानदार फॉर्म में हैं.
इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का मानना है कि 2007 की चैम्पियन भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार होगी. ली ‘फॉक्स स्पोटर्स.कॉम.एयू’ से आगामी वर्ल्ड कप पर चर्चा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड को भी दूसरी टीमों के लिए खतरा करार दिया लेकिन खिताब का असल दावेदार भारत को ही माना. उन्होंने कहा, ‘इंग्लैंड की टीम अपने अनुभव के दम पर हमेशा बड़ा खतरा होती है लेकिन मेरी नजर में भारत खिताब का प्रबल दावेदार है.’
उन्होंने कहा, ‘इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के कारण भारत के पास कई युवा खिलाड़ी हैं. इनमें तेज गेंदबाज भी हैं और भारत का शीर्षक्रम लाजवाब है.’ ली ने उम्मीद जताई कि वर्ल्ड कप में केएल राहुल (KL Rahul) सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज को सकते हैं.
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि राहुल सबसे ज्यादा रन बनाएंगे. आईपीएल में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा. भारत को चाहिए कि राहुल को बल्लेबाजी की धुरी बनाए क्योंकि इससे कोहली से दबाव कम होगा. इससे कोहली अपना स्वाभाविक खेल दिखा सकेंगे. शायद यह बतौर कप्तान कोहली का आखिरी टूर्नामेंट हो तो वह अच्छा प्रदर्शन जरूर करना चाहेंगे.’
उन्होंने यह भी कहा कि सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) भारत के अगले स्टार साबित होंगे. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि सूर्यकुमार यादव अगला स्टार होगा.’ ली ने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने सर्वश्रेष्ठ टीम चुनी है और वह भारत के लिए चुनौती हो सकती है. भारत और आस्ट्रेलिया दुबई में 20 अक्टूबर को अभ्यास मैच खेलेंगे.
(इनपुट: भाषा)