add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 World Cup 2026: आज 14 फरवरी को खेले जाने वाले तीनों मैचों का शेड्यूल

न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम ग्रुप में टॉप करेगी. वहीं इंग्लैंड को स्कॉटलैंड से सावधान रहना होगा.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 14, 2026 7:51 AM IST

टी-20 वर्ल्ड 2026 में शनिवार 14 फरवरी को तीन अहम मुकाबले खेले जाएंगे. पहले मैच में आयरलैंड और ओमान की टीम आमने-सामने होगी. वहीं दिन के दूसरे मैच में इंग्लैंड के स्कॉटलैंड की चुनौती होगी. वहीं आखिरी मुकाबला दो दिग्गज टीमों के बीच खेला जाना है. न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका की टीम आखिरी मैच में जब आमने-सामने होंगे तो उनका लक्ष्य टी20 विश्व कप के ग्रुप डी में शीर्ष स्थान हासिल करने का होगा.

इंग्लैंड की टीम को पिछले मैच में वेस्टइंडीज के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, ऐसे में इंग्लैंड को स्कॉटलैंड से सावधान रहना होगा. शनिवार को होने वाले मैचों का शेड्यूल

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

आयरलैंड vs ओमान (सुबह 11 बजे)

आयरलैंड की लगातार दो हार के बाद सुपर आठ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं लेकिन शनिवार को कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में जब टीम ओमान के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप मैच में उतरेगी तो टीम जीत दर्ज करना चाहेगी. हालांकि टीम के कप्तान पार्ल स्टर्लिंग का चोट की वजह से बाहर होना बड़ा झटका है. दोनों टीमों ने अब तक अपने दोनों मैच में हार का सामना किया है और वे टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिए बेताब होंगी.

आयरलैंड को सह-मेजबान श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया से क्रमशः 20 और 67 रन से हार का सामना करना पड़ा, वहीं ओमान को जिम्बाब्वे ने आठ विकेट से और श्रीलंका ने 105 रन से करारी शिकस्त दी. बड़े टूर्नामेंटों में खेलने के अनुभव के आधार पर आयरलैंड की टीम ओमान के खिलाफ जीत के दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी. ओमान की टीम में अधिकतर भारतीय और पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी शामिल हैं.

आयरलैंड को अच्छी तरह पता है कि टूर्नामेंट में बने रहने की अपनी धुंधली उम्मीद को बरकरार रखने के लिए उसे बड़ी जीत हासिल करनी होगी, जबकि ओमान दो करारी हार के बाद अपनी काबिलियत साबित करने की कोशिश करेगा.

आयरलैंड की बल्लेबाजी कमजोर रही है, बल्लेबाजी विभाग को मजबूत करने के लिए रॉस एडायर, हैरी टेक्टर, लोरकान टकर और कर्टिस कैम्फर जैसे खिलाड़ियों को अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने की जरूरत है. बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल अब तक टूर्नामेंट में आयरलैंड के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं. उन्होंने किफायती गेंदबाजी करने के अलावा विकेट भी लिए हैं लेकिन उन्हें तेज गेंदबाज मार्क एडायर और बैरी मैकार्थी तथा और स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज और गैरेथ डेलानी जैसे गेंदबाजों से सहयोग की जरूरत है।

दूसरी ओर ओमान के पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है लेकिन आयरलैंड के खिलाफ जीत हासिल करना उसके लिए बड़ी उपलब्धि होगी, इन दोनों टीमों के बीच अभी तक पांच मैच खेले गए हैं जिनमें आयरलैंड ने चार बार जीत हासिल की है, जबकि ओमान ने अक्टूबर 2019 में एक जीत दर्ज की थी.

ओमान भी बल्लेबाजी में संघर्ष कर रहा है, उसने जिम्बाब्वे और श्रीलंका के खिलाफ क्रमशः 103 और नौ विकेट पर 120 रन बनाए. ओमान को जतिंदर सिंह, आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा और बड़े शॉट लगाने वाले विनायक शुक्ला जैसे बल्लेबाजों से दमदार प्रदर्शन करने की जरूरत है. मोहम्मद नदीम ने श्रीलंका के खिलाफ अकेले ही संघर्ष किया और अर्धशतक बनाया, ओमान को अगर आयरलैंड को हराना है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा.

दोनों टीमों का स्क्वाड:

आयरलैंड: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क एडायर, रॉस एडायर, बेन कैलिट्ज़, कर्टिस कैम्फर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज़, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, लोरकान टकर (विकेटकीपर), बेन व्हाइट, क्रेग यंग

ओमान: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावाले, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सुफियान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल, शकील अहमद, मोहम्मद नदीम, जय ओडेदरा, आशीष ओडेदरा, शफीक जान.

इंग्लैंड vs स्कॉटलैंड (दोपहर तीन बजे)

अब तक अच्छे प्रदर्शन करने में नाकाम रही इंग्लैंड की टीम को अगर सुपर आठ में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखना है तो उसे स्कॉटलैंड के खिलाफ शनिवार को कोलकाता के इडेन गार्डन्स में होने वाले टी20 विश्व कप के ग्रुप सी के मैच में बड़ी जीत हासिल करनी होगी.

वेस्टइंडीज लगातार दो जीत के साथ इस ग्रुप में शीर्ष पर है, जबकि स्कॉटलैंड, इटली और इंग्लैंड तीनों ने एक-एक जीत हासिल की है, नेट रन रेट के आधार पर स्कॉटलैंड ने इटली पर मिली बड़ी जीत से दूसरा स्थान हासिल किया है, इसलिए शनिवार को होना वाला मैच दूसरे स्थान की दौड़ में किसी भी टीम को निर्णायक बढ़त दिला सकता है क्योंकि इन दोनों टीम से अपने अंतिम ग्रुप मैच जीत हासिल करने की उम्मीद है. अपने अंतिम लीग मैच में स्कॉटलैंड का सामना नेपाल से और इंग्लैंड का इटली से होगा.

इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के बीच प्रतिद्वंद्विता लंबे समय से चली आ रही है। स्कॉटलैंड ने कुछ अवसरों पर इंग्लैंड को हराया भी है और उसकी टीम इस मैच में अपने उस प्रदर्शन से प्रेरणा लेने की कोशिश करेगी. स्कॉटलैंड के सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्सी और माइकल जोन्स ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था, इन दोनों बल्लेबाजों ने तब इंग्लैंड के दिग्गज स्पिनर आदिल रशीद के दो ओवर में 26 रन बनाए थे और उनका मुकाबला एक बार फिर से देखने लायक होगा.

पूर्व चैंपियन इंग्लैंड पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 30 रन की हार के बाद दबाव बढ़ गया है। इससे हैरी ब्रुक के नेतृत्व वाली टीम मुश्किल स्थिति में पहुंच गई है. नेपाल के खिलाफ अपने शुरुआती मैच में भी उसकी टीम हार के कगार पर पहुंच गई थी लेकिन आखिर में वह चार रन से जीत हासिल करने में सफल रही. वानखेड़े की पिच पर मिली हार ने स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ इंग्लैंड की लगातार बढ़ती कमजोरी को भी उजागर कर दिया. वेस्टइंडीज के खिलाफ 197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और आखिर में 19 ओवर में 166 रन पर आउट हो गई.

इंग्लैंड का कम रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ रिकॉर्ड भी बहुत अच्छा नहीं है, उसने टी20 विश्व कप में निचली रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ नौ मैच खेले हैं, जिनमें से चार में जीत हासिल की है और तीन में उसे हार का सामना करना पड़ा है, उसे दो बार नीदरलैंड से और एक बार आयरलैंड से हार मिली.

बांग्लादेश के भारत में खेलने से इनकार करने के बाद विश्व कप में नाटकीय रूप से देर से प्रवेश करने के बावजूद स्कॉटलैंड ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है, उसे पहले मैच में वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन दूसरे मैच में उसने इटली को हराकर अच्छी वापसी की. इस मैच में उसके बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया. टीम अपनी इस लय को बरकरार रखने के लिए उत्साहित होगी.

दोनों टीमों का स्क्वाड:

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करेन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, फिल साल्ट, जोश टोंग और ल्यूक वुड

स्कॉटलैंड: रिची बेरिंगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस, ब्रैडली क्यूरी, ओलिवर डेविडसन, क्रिस ग्रीव्स, ज़ैनुल्लाह इहसान, माइकल जोन्स, माइकल लीस्क, फिनले मैकक्रीथ, ब्रैंडन मैकमुलन, जॉर्ज मुन्सी, सफ्यान शरीफ, मार्क वाट और ब्रैड व्हील

न्यूजीलैंड vs साउथ अफ्रीका (शाम सात बजे)

न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका का सुपर आठ में पहुंचना तय है और ऐसे में शनिवार को यहां जब दोनों टीम आमने-सामने होंगे तो उनका लक्ष्य टी20 विश्व कप के ग्रुप डी में शीर्ष स्थान हासिल करने की अपनी कोशिशों को अमली जामा पहनाना होगा. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिन का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा.

दोनों टीमों ने अपने शुरुआती दो मैच जीते हैं, न्यूजीलैंड ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है. अफगानिस्तान को छह विकेट पर 186 रन पर रोकने के बाद न्यूजीलैंड ने टिम सीफर्ट के 65 रन तथा ग्लेन फिलिप्स (42), मार्क चैपमैन (28) और डैरिल मिशेल (नाबाद 25) के योगदान की बदौलत 17.5 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर दिया, इससे पहले सीफर्ट और फिन एलन के शानदार प्रदर्शन से न्यूजीलैंड ने यूएई को 10 विकेट से हराया था, उसने केवल 15.2 ओवरों में 174 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया था.

वहीं साउथ अफ्रीका ने दबाव में संयम बनाए रखते हुए अपनी आक्रामक क्षमता का बेहतरीन नमूना पेश किया है।
उन्होंने कनाडा के खिलाफ चार विकेट पर 213 रन बनाए, जिसमें कप्तान एडन मार्क्रम ने 32 गेंदों में 59 रन, डेविड मिलर (नाबाद 39) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 34) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया, इसके बाद गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी के 31 रन पर चार विकेट की मदद से उसने आसानी से जीत हासिल की.

साउथ अफ्रीका को हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर ओवर तक खिंचे मैच में जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगानी पड़ी. क्विंटन डीकॉक (59) और रयान रिकेल्टन (61) की शानदार पारियों की मदद से उसने छह विकेट पर 187 रन बनाए लेकिन रहमानुल्लाह गुरबाज के 84 और रन की बदौलत अफगानिस्तान ने मुकाबला टाई कर दिया. साउथअफ्रीका ने एक रोमांचक डबल सुपर ओवर में जीत हासिल की, जिसमें मिलर और स्टब्स ने दबाव में शानदार प्रदर्शन किया.

साउथ अफ्रीका ने अपने दोनों मैच इसी मैदान पर खेले हैं और वह यहां की पिच और परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं जिसका उसे फायदा मिल सकता है. अहमदाबाद की पिच पर अच्छी उछाल मिली है जिससे स्ट्रोक खेलने में मदद मिली है, इसके साथ ही तेज गेंदबाजों को भी मदद मिली है.

कैगिसो रबाडा और एनगिडी की अगुवाई में साउथ अफ्रीका का तेज गेंदबाजी आक्रमण पहले ही परिस्थितियों के अनुकूल ढल चुका है और उसके बल्लेबाजों ने विभिन्न मैच परिस्थितियों का अच्छी तरह से सामना किया है. सीफर्ट और फिन एलन की आक्रामक शुरुआत ने मैच का माहौल बना दिया है, लेकिन साउथ अफ्रीका का नई गेंद का आक्रमण उन्हें शुरुआत में ही कड़ी चुनौती देगा.

दूसरी तरफ न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन पावरप्ले में डीकॉक और रिकेल्टन पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे. न्यूजीलैंड की रणनीति रही है कि वह पहली गेंद से ही आक्रामक खेल खेले, रबाडा की तेज उछाल पैदा करने की क्षमता और एनगिडी की बैक ऑफ लेंथ गेंदबाजी उस आक्रामकता की परीक्षा लेगी. मैट हेनरी का नई गेंद पर नियंत्रण और शुरुआती ओवरों में गेंद को स्विंग कराने की क्षमता इस मुकाबले को रोमांचक बनाती है। मिचेल सैंटनर ने बीच के ओवरों में नियंत्रण बनाए रखा है, मार्क्रम उनकी इस लय बिगाड़ने की कोशिश करेंगे।

अगर मैच लंबा खिंचता है, तो साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों को आखिरी ओवरों में लॉकी फर्ग्यूसन की तेज गेंदबाजी का सामना करना पड़ सकता है, वहीं दूसरी ओर न्यूजीलैंड अंतिम ओवरों में ग्लेन फिलिप्स और डैरिल मिशेल पर निर्भर है. अगर ओस पड़ती है तो लक्ष्य का पीछा करना फिर से फायदेमंद साबित हो सकता है

दोनों टीमों का स्क्वाड:

न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिचेल, जेम्स नीशम, माइकल ब्रैसवेल, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट, जैकब डफी और ईश सोढ़ी

साउथ अफ्रीका: एडेन मार्क्रम (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन, रीजा हेंड्रिक्स, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), मार्को यानसन, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे, केशव महाराज, तबरेज शम्सी और ब्योर्न फोर्टुइन

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/