add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 वर्ल्ड कप: भारत या इंग्लैंड वानखेड़े में किसे मिलेगा फाइनल का टिकट, आमने-सामने में कौन आगे?

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा. इस मैच में कौन पड़ेगा किस पर भारी. और क्या कहते हैं हेड-टु-हेड के आंकड़े.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - March 5, 2026 9:41 AM IST

मुंबई: टी20 विश्व कप 2026 में आज भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा. यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर खेला जाएगा. इस मुकाबले को जीतने वाली टीम का सामना 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदबाद में होगा.

भारत और इंग्लैंड दोनों का टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन रहा है. भारतीय टीम ने सुपर-8 में सउथ अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र मैच गंवाया था, जबकि इंग्लैंड ने ग्रुप स्टेज में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी इकलौती हार का सामना करना पड़ा था.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारतीय टॉप ऑर्डर को लगाना होगा दम

टूर्नामेंट में भारतीय बैटिंग का टॉप ऑर्डर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया है. लेकिन अच्छी बात यह रही है कि किसी-न-किसी ने बड़ी पारी खेलकर टीम को मुश्किल से बचाया है. वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में संजू सैमसन की पारी इसका उदाहरण थी. इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने नाबाद 97 रन बनाए थे. अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव कुछ खास नहीं कर पाए हैं. और अब इस मुकाबले में इन दोनों को कुछ खास करना ही होगा. मिडल-ऑर्डर में भी शिवम दूबे, तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या को भी अपना योगदान देना होगा.

गेंदबाजी की बात करें तो टीम के ट्रंप कार्ड वरुण चक्रवर्ती की फिरकी हालिया दो मैचों में असर नहीं दिखा पाई है. स्पिन गेंदबाजी और फील्डिंग में भी भारतीय टीम को सुधार करना होगा. टीम ने इस टूर्नामेंट में अभी तक 12 कैच टपकाए हैं.

पहले मैच के बाद इंग्लैंड ने पकड़ी है लय

इंग्लैंड की टीम की शुरुआत टूर्नामेंट में नेपाल के खिलाफ करीबी जीत से हुई थी, लेकिन इसके बाद इंग्लैंड ने हर मैच में सुधार दिखाया है और सुपर-8 में बिना कोई मैच गंवाए सेमीफाइनल में पहुंची है. फिल साल्ट और जोस बटलर की सलामी जोड़ी का असफल रहना इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द है. इंग्लैंड इन दोनों बल्लेबाजों से सेमीफाइनल में बड़ी पारी की उम्मीद करेगी. मध्यक्रम में हैरी ब्रूक और विल जैक्स अच्छा कर रहे हैं. गेंदबाजी में भी इंग्लैंड संतुलित है.

टी20 विश्व कप के इतिहास में यह लगातार तीसरा मौका है, जब भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं. 2022 विश्व कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड जीती थी, जबकि 2024 में भारतीय टीम जीती थी. पिछले दोनों मौकों पर सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ने ही खिताब जीता था.

आमने-सामने में किसका रिकॉर्ड बेहतर

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 29 टी20 मुकाबले खेले गए हैं. भारतीय टीम 17 बार और इंग्लैंड 12 बार विजयी रही है. आंकड़े टीम इंडिया के पक्ष में हैं.

वानखेड़े की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जाती है. दोनों टीमों के पास विस्फोटक सलामी बल्लेबाज हैं. जिस टीम के ओपनर बेहतर करेंगे, मैच उसी टीम के पक्ष में जा सकता है. टीम इंडिया को स्थानीय दर्शकों के समर्थन का फायदा हो सकता है.