T20 विश्व कप विवाद में बांग्लादेश के साथ क्यों आया पाकिस्तान, जानें इनसाइड स्टोरी
पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और आईसीसी के बीच हुए विवाद के दौरान बांग्लादेश के साथ मजबूती से खड़ी रही.
Published On Jan 29, 2026, 04:49 PM IST
Last UpdatedJan 29, 2026, 04:49 PM IST
PCB Bangladesh cricket board
टी-20 विश्व कप 2026 से बांग्लादेश की टीम बाहर हो गई है. बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को मौका दिया गया है. मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत का दौरा करने से इनकार कर दिया और अपने मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की, हालांकि आईसीसी ने बांग्लादेश की मांग मानने से इनकार कर दिया. पाकिस्तान की टीम इस विवाद के दौरान बांग्लादेश के साथ मजबूती से खड़ी रही. आईसीसी की मीटिंग में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बांग्लादेश की मांग के समर्थन में वोटिंग की. यही नहीं पीसीबी ने बांग्लादेश के मैच अपने यहां आयोजित कराने का प्रस्ताव भी दिया.
पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने साफ कहा, डबल स्टैंडर्ड नहीं चलेंगे, भारत के लिए न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने की अनुमति दी गई, लेकिन बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच बढ़ती नजदीकी के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बांग्लादेश का समर्थन क्यों कर रहा है.
क्षेत्रीय राजनीति और एंटी-इंडिया स्टांस
हाल में दिनों में भारत का पाकिस्तान के साथ- साथ बांग्लादेश के साथ भी तनाव है. बांग्लादेश में हिंदूओं के साथ हिंसा के बाद जब मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाया गया और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इसे लेकर विरोध जताया तो पाकिस्तान की टीम ने इसे मौका मानकर भारत और आईसीसी के खिलाफ एकजुटता दिखाने की कोशिश की है. इसमें क्षेत्रीय राजनीति के साथ एंटी इंडिया स्टांस (भारत विरोधी) भी शामिल है.
नई दोस्ती बनाने की कोशिश
पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर बड़े भाई की भूमिका निभाने की कोशिश की, ताकि भविष्य में बांग्लादेश के साथ बेहतर रिलेशनशिप और सपोर्ट हासिल हो सके. पाकिस्तान 1971 की कड़वाहट को भुलाकर नई दोस्ती बनाने की कोशिश कर रहा है. शेख हसीना के सत्ता से बाहर होने के बाद दोनों देशों के बीच नजदीकी बढ़ती जा रही है.
हालांकि कुछ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि पाकिस्तान ने जानबूझकर बांग्लादेश को भड़काया,सपोर्ट दिया,लेकिन खुद पूरा रिस्क नहीं लिया, ताकि वह क्रेडिट ले सके.
पाकिस्तान का बांग्लादेश के साथ खड़ा होना भी पूरी तरह रणनीति का हिस्सा
टी-20 वर्ल्ड कप से पहले हुए इस विवाद ने बताया कि दक्षिण एशियाई क्रिकेट अब सिर्फ बल्ले-गेंद का खेल नहीं रहा, इसमें राजनीति की एंट्री हो चुकी है. पाकिस्तान का बांग्लादेश के साथ खड़ा होना भी पूरी तरह रणनीति का हिस्सा है और आने वाले दिनों में यह क्रिकेट को नुकसान ही पहुंचाएगा.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/