टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब तीसरी बार जीतने उतरेगा इंग्लैंड, जानें टीम की ताकत और कमजोरी
ग्रुप सी में शामिल इंग्लैंड की टीम के साथ इस ग्रुप में वेस्ट इंडीज, स्कॉटलैंड, इटली और नेपाल जैसी कमजोर टीम है, जिससे टीम को नॉकआउट तक कोई खतरा नहीं दिख रहा है.
Published On Jan 28, 2026, 05:17 PM IST
Last UpdatedJan 28, 2026, 05:17 PM IST
England cricket team
England SWOT Analysis: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर उलटी गिनती शुरू हो गई है.सात फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में यह टूर्नामेंट खेला जाना है.इंग्लैंड की टीम इस टूर्नामेंट में एक मजबूत दावेदार के तौर पर उतरेगी. दो बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुकी इंग्लैंड की टीम की कमान हैरी ब्रूक के हाथों में है, जबकि इस टीम में अनुभवी और युवा टैलेंट का मिश्रण है, टीम की नजरें तीसरे खिताब पर होगी. इंग्लैंड की टीम ग्रुप सी में है, जिसमें वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, इटली और नेपाल की टीम शामिल है.
इंग्लैंड की टीम को लीग स्टेज में सिर्फ वेस्टइंडीज से ही कड़ी चुनौती मिल सकती है, नॉकआउट में टीम की राह आसान नहीं होने वाली है. आइए जानते हैं इस टीम की ताकत और कमजोरी.
क्या है टीम की ताकत ?
इंग्लैंड की टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी बल्लेबाजी है. पावरप्ले में यह टीम विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती है. फिल साल्ट,बेन डकेट,जोस बटलर और विल जैक्स जैसे खिलाड़ी शुरुआती ओवरों में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं. इस टीम के पास बैटिंग में कई विकल्प है. हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल और सैम करन भी बल्ले से ताबड़तोड़ पारी खेलने के साथ- साथ गेंद से भी प्रभावी योगदान दे सकते हैं. गेंदबाजी की बात करें तो टीम में अनुभवी लेग स्पिनर आदिल रशीद शामिल हैं.
उनके अलावा रेहान अहमद और लियाम डॉसन जैसे स्पिनर भी भारतीय पिचों पर कमाल कर सकते हैं. 2022 चैंपियन टीम के कई सदस्य जैसे जोस बटलर, आदिल राशिद और जोफ्रा आर्चर टीम में काफी अनुभव लेकर आते हैं, जिसका फायदा टीम को मिल सकता है. जोफ्रा आर्चर एक्स्ट्रा पेस और बाउंस के साथ बल्लेबाजों के लिए काफी मुसीबत खड़ी कर सकते हैं.
इंग्लैंड की क्या है कमजोरी ?
इंग्लैंड की टीम की गेंदबाजी की फिटनेस को लेकर चिंता बनी रहती है. जोफ्रा आर्चर और सहित इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों की चोट का लंबा इतिहास रहा है. अगर वे फिट नहीं रहे तो पेस अटैक कमजोर हो सकता है. इसके अलावा डेथ ओवर्स में भी भारत की फ्लैट पिचों पर उनके गेंदबाज काफी रन लुटाते हैं. सैम करन और जोफ्रा आर्चर पर निर्भरता टीम को नुकसान पहुंचा सकती है. वहीं टीम के टॉप ऑर्डर के कुछ बल्लेबाज स्पिन के खिलाफ एशियाई कंडीशंस में काफी कमजोर नजर आते हैं,इसका भी खामियाजा टीम को भुगतना पड़ सकता है. वहीं इसके अलावा टीम के नए कप्तान हैरी ब्रूक जो पहली बार टी-20 विश्व कप में कप्तानी कर रहे हैं, अनुभव की कमी से उनकी रणनीति में गलती हो सकती है.
टीम के पास क्या है अवसर ?
इंग्लैंड की टीम के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि टीम को ग्रुप स्टेज में बड़ी चुनौती का सामना नहीं करना है. ग्रुप सी में शामिल इंग्लैंड की टीम के साथ इस ग्रुप में वेस्ट इंडीज, स्कॉटलैंड, इटली और नेपाल की टीम है. टीम के लिए नॉकआउट तक पहुंचना एकदम आसान है, अगर टीम नॉकआउट में दमदार खेल दिखाती है तो टीम के लिए खिताब की राह आसान हो जाएगी. टीम का स्पिन अटैक अगर भारतीय पिचों पर प्रभावी रहा, तो यह टीम किसी भी टीम को हरा सकती है. साल 2022 में इंग्लैंड की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया था, अगर टीम 2022 जैसी आक्रामक खेलती नजर आई तो तीसरा खिताब टीम के लिए दूर नहीं है.
खतरा
इंग्लैंड की टीम नॉकआउट में भारत, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका,न्यूजीलैंड जैसे टीमों से भिड़ेगी, जो टीम के लिए आसान नहीं होने वाला है. स्पिन के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी का टेस्ट होना है. टीम के लिए सबसे ज्यादा समस्या खिलाड़ियों की फिटनेस की है. जोफ्रा आर्चर, जोस बटलर जैसे खिलाड़ी अगर चोटिल होते हैं तो टीम की चुनौती काफी कठिन हो सकती है. शाम के मैचों में ओस से दूसरी पारी में गेंदबाजी करना टीम के लिए काफी मुश्किल होगी.
टी-20 वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड का प्रारंभिक स्क्वाड:
हैरी ब्रुक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर,टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड
टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड का शेड्यूल:
08 फरवरी 2026: इंग्लैंड vs नेपाल, वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई
11 फरवरी 2026: इंग्लैंड vs वेस्ट इंडीज, वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई
14 फरवरी 2026: इंग्लैंड vs स्कॉटलैंड, ईडन गार्डन्स, कोलकाता
16 फरवरी 2026: इंग्लैंड vs इटली, ईडन गार्डन्स, कोलकाता
इंग्लैंड की टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की टॉप 4 में पहुंचने की मजबूत दावेदार है. अगर खिलाड़ियों की फिटनेस अच्छी रही और बतौर कप्तान हैरी ब्रूक कामयाब रहे तो तो टीम तीसरा T20 विश्व कप जीत सकती है.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/