add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

इंग्लैंड को हराकर चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में टीम इंडिया, न्यूजीलैंड से होगा मुकाबला

भारत से मिले 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में सात विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - March 5, 2026 11:39 PM IST

IND VS ENG: संजू सैमसन की दमदार पारी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. भारत ने गुरुवार को वानखेड़े के मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को सात रनों से हराया. भारत से मिले 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम सात विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी. भारतीय टीम ने चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है. भारत का फाइनल में आठ मार्च को न्यूजीलैंड से सामना होगा. फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.

भारत के 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम बेथेल (105 रन, 48 गेंद, सात छक्के, आठ चौके) के शतक और विल जैक्स (35 रन, 20 गेंद, चार चौके, दो छक्के ) के साथ उनकी पांचवें विकेट की 77 तथा सैम कुरेन (18) के साथ छठे विकेट की 50 रन की साझेदारी के बावजूद सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी. भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने 38 रन देकर दो विकेट चटकाए, बुमराह ने चार ओवर में सिर्फ 33 रन देकर एक विकेट हासिल किया जो निर्णायक साबित हुआ, वरुण चक्रवर्ती ने 64 रन लुटाकर एक विकेट चटकाया जो इस प्रारूप में भारत की ओर से सबसे महंगा स्पैल है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारत- इंग्लैंड मैच में 499 रन बने, जो टी-20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा रन है. यह टी-20 इंटरनेशनल में एक मैच में दूसरा सबसे ज्यादा रन भी है. सेंचुरियन में साउथ अफ्रीका वेस्टइंडीज मैच में 517 रन बने थे.

भारत ने बनाया नॉकआउट का सबसे बड़ा स्कोर

सैमसन ने इससे पहले 15 रन के स्कोर पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए 42 गेंद में सात छक्कों और आठ चौकों से 89 रन की पारी खेलने के अलावा इशान किशन (39 रन, 18 गेंद, चार चौके दो छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 97 और शिवम दुबे (43 रन, 25 गेंद, चार छक्के, एक चौका) के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 गेंद में 43 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने सात विकेट पर 253 रन बनाए जो टूर्नामेंट के इतिहास में नॉकआउट मुकाबलों का सर्वोच्च स्कोर है.

भारतीय पारी में लगे 19 छक्के

पंड्या (12 गेंद में 27 रन, तीन चौके, दो छक्के) और तिलक वर्मा (सात गेंद में 21 रन, तीन छक्के) ने अंत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। भारत की पारी में 19 छक्के लगे जो टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. इंग्लैंड की ओर से स्पिनरों विल जैक्स (40 रन पर दो विकेट) और आदिल राशिद (41 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए, तेज गेंदबाजों जोफ्रा आर्चर और सैम कुरेन ने क्रमश: 61 और 53 रन लुटाए. आर्चर को एक विकेट मिला जबकि कुरेन की झोली खाली रही.

IND VS ENG: टीम इंडिया ने एक साथ ध्वस्त किए कई बड़े रिकॉर्ड्स, इंग्लैंड के खिलाफ बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

इंग्लैंड ने पावरप्ले में गंवाए तीन विकेट

लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 68 रन बनाकर मिश्रित शुरुआत की. पंड्या ने पारी के दूसरे ओवर की अपनी पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट (05) को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया. खराब फॉर्म से जूझ रहे जोस बटलर (25) ने अर्शदीप पर दो चौकों से शुरुआत की और फिर पंड्या पर छक्का जड़ा. कप्तान हैरी ब्रूक (07) हालांकि बुमराह की पहली ही गेंद को हवा में लहरा गए और अक्षर ने पीछे की ओर दौड़ते हुए उनका शानदार कैच लपका.

बेथेल ने वरुण चक्रवर्ती का स्वागत लगातार तीन छक्कों के साथ किया लेकिन बटलर इस लेग स्पिनर की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हो गए. टॉम बेंटन (17) ने अक्षर का स्वागत लगातार दो छक्कों के साथ किया लेकिन फिर बाएं हाथ के इस स्पिनर की गेंद को चूककर बोल्ड हो गए।

बेथेल ने चक्रवर्ती पर चौके के साथ नौवें ओवर में इंग्लैंड का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया. बेथेल ने बुमराह की गेंद पर दो रन के साथ सिर्फ 19 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. जैक्स इसके बाद भारत के शानदार क्षेत्ररक्षण का शिकार बने। उन्होंने अर्शदीप की फुलटॉस पर बड़ा शॉट खेला और बाउंड्री पर अक्षर ने कैच लपक लिया लेकिन बाउंड्री से बाहर जाने लगे तो गेंद दुबे की ओर बढ़ा दी जिन्होंने इसे लपक लिया.

शतक से चूके सैमसन, मगर युवराज- रोहित का रिकॉर्ड किया ध्वस्त, विराट कोहली की भी बराबरी की

बेथेल ने 45 बॉल में जड़ा शतक

इंग्लैंड को अंतिम पांच ओवर में 69 रन की दरकार थी, बेथेल ने अर्शदीप पर छक्के के साथ 17वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया, बुमराह के 18वें ओवर में सिर्फ छह रन बने जिससे इंग्लैंड को अंतिम दो ओवर में 39 रन की जरूर थी. बेथेल ने पंड्या पर छक्के के साथ 45 गेंद पर शतक पूरा किया लेकिन सैम कुरेन (18) ने बाउंड्री पर तिलक को कैच थमा दिया। इस आवेर में सिर्फ नौ रन बने. इंग्लैंड को अंतिम ओवर में 30 रन की जरूरत थी और बेथेल दुबे की पहली ही गेंद पर दो रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए जिससे भारत की जीत लगभग तय हो गई, दुबे के ओवर में 22 रन ही बने.

अभिषेक शर्मा ने फिर किया निराश

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने सैमसन की तूफानी पारी से पावर प्ले में एक विकेट पर 67 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की. सैमसन ने आर्चर की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ तेवर दिखाए, इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में मिड ऑन पर ब्रूक ने उनका आसान कैच छोड़ा और इस बल्लेबाज ने ओवर में दो चौके और एक छक्का जड़ दिया. अभिषेक शर्मा (09) ने भी जैक्स पर दो चौके मारे लेकिन फिर उनकी गेंद को हवा में लहराकर डीप मिडविकेट पर सॉल्ट को कैच दे बैठे.

संजू सैमसन ने जड़ा अर्धशतक

सैमसन ने लेग स्पिनर राशिद का स्वागत चौके के साथ किया और फिर बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन पर छक्के के साथ सिर्फ 26 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया, इशान ने भी डॉसन पर छक्का मारा. सैमसन और इशान ने अगले ओवर में कुरेन पर भी छक्के मारे जिससे नौवें ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा हुआ, इशान हालांकि राशिद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में गेंद को हवा में लहराकर लॉन्ग ऑफ पर जैक्स को कैच दे बैठे.

पांड्या-तिलक ने भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया

दुबे ने आते ही राशिद पर दो छक्के मारे, सैमसन ने भी आर्चर पर दो छक्के मारे लेकिन इसके बाद जैक्स की गेंद पर सॉल्ट को कैच दे बैठे. कप्तान सूर्यकुमार यादव (11) ने राशिद पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर स्टंप हो गए, पंड्या ने ओवरटन पर तीन चौकों के साथ 17वें ओवर में भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया. दुबे ने कुरेन पर छक्का जड़ा लेकिन इसके बाद पंड्या के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए, तिलक ने 19वें ओवर में आर्चर पर तीन छक्के मारे लेकिन फिर बोल्ड हो गए, पंड्या ने अंतिम ओवर में दो छक्के जड़कर टीम का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाया लेकिन फिर रन आउट हो गए.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/