add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

टी20 वर्ल्ड कप से पहले सूर्या और गंभीर के लिए खुशखबरी, फिट होकर लौटा यह स्टार खिलाड़ी

संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में भारत ए की ओर से खेलने वाले बल्लेबाज की फिटनेस और खेल पर सभी की नजरें थीं. और जिस तरह से उन्होंने मैदान पर वक्त बिताया उसे देखकर टीम प्रबंधन बहुत खुश होगा. टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम के लिए यह बहुत राहत की बात होगी.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - February 3, 2026 7:37 AM IST

नवी मुंबई: तिलक वर्मा पर सबकी नजरें थीं. वह पेट के निचले हिस्से में सर्जरी के बाद पहली बार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में लौट रहे थे. और बाएं हाथ का यह बल्लेबाज सभी पैमानों पर खरे उतरे. भारतीय टीम प्रबंधन को इससे काफी राहत मिली होगी. तिलक भारत ‘ए’ के लिए खेल रहे थे. और अभ्यास मैच में आईपीएल सितारों से सजी उनकी टीम ने अमेरिका को 38 रन से हरा दिया.

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए के बल्लेबाजों ने सीनियर टीम द्वारा तय किए गए ‘हर कीमत पर आक्रामक होकर खेलने’ के रवैये को अपनाया. तमिलनाडु के विकेटकीपर नारायण जगदीशन की 11 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 55 गेंद में 104 रन की पारी से टीम ने तीन विकेट पर 238 रन बनाए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इसके जवाब में अमेरिका ने सपाट पिच पर अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन आखिरकार 200 रन ही बना पाई. संजय कृष्णमूर्ति के 18 गेंद पर 41 रन की पारी खेली.

वाशिंगटन सुंदर के औपचारिक रूप से बाहर होने की स्थिति में उनकी जगह लेने के दावेदार लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने तीन विकेट लेकर अपना दावा मजबूत किया.

हालांकि राष्ट्रीय चयन समिति, मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए प्राथमिकता तिलक की मैच फिटनेस की जांच करना था जिन्होंने बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तीन सप्ताह का ‘रिटर्न टू प्ले’ (खेलने के लिए वापसी) प्रोटोकॉल पूरा किया था.

हैदराबाद के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 24 गेंद में 38 रन बनाए और इस दौरान हरमीत सिंह और नोस्थुश केंजिगे की बाएं हाथ की स्पिन जोड़ी पर दो शानदार छक्के लगाए. तिलक ने हरमीत को खास तौर पर निशाना बनाया और उन पर तीन चौके भी मारे.

तिलक 24 गेंद तक क्रीज पर रहे और उनकी बल्लेबाजी की सबसे खास बात यह थी कि शॉट खेलते समय उन्हें कोई स्पष्ट परेशानी नहीं हुई. फील्डिंग के दौरान उन्होंने पीछे की ओर दौड़ते हुए एक शानदार कैच लेकर साईतेजा मुक्कमल्ला को पवेलियन भेजा.

बाद में तिलक ने गेंदबाजी भी की और एक विकेट लिया तथा अपना दूसरा कैच भी पकड़ा. तिलक ने अपना फिटनेस परीक्षण शानदार तरीके से पास कर लिया है और उन्हें बल्लेबाजी क्रम में अपना तीसरा स्थान वापस मिल सकता है. उनकी वापसी से संजू सैमसन के लिए टीम में जगह बनाये रखना मुश्कल होगा. सैमसन लगातार पांच मैच में विफल रहे हैं और इस दौरान इशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की.

मैच की दूसरी खास बात रियान पराग की वापसी थी. कप्तान आयुष बडोनी (24 गेंद में 60 रन) ने आखिर में कुछ तेज शॉट खेलकर सबका ध्यान खींचा और असम के क्रिकेट स्टार को सिर्फ कुछ ही गेंदें खेलने को मिलीं.

भारत के तेज गेंदबाज मयंक यादव (तीन ओवर में बिना विकेट के 37 रन) का एक्शन थोड़ा बदला हुआ दिखा. उन्होंने कुछ तेज गेंदें फेंकी लेकिन लंबे समय तक चोट के बाद लय की थोड़ी कमी दिखी.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/