add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

अगर हमें वर्ल्ड कप जीतना है... भारत के बैटिंग कोच का आया बड़ा बयान, प्लेइंग-11 का भी खोला राज

सितांशु कोटक ने कहा, मुझे लगता है कि हमें बहुत सकारात्मक रहना होगा और उसी तरह की क्रिकेट खेलनी होगी जिसने हमें सफलता दिलाई है, हम उसी तरह से खेलेंगे, हमारे रवैए में कोई बदलाव नहीं होगा.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 26, 2026 10:10 AM IST

भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बुधवार को स्वीकार किया कि जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 विश्व कप के सुपर आठ मैच में उनकी टीम पर दबाव रहेगा लेकिन इसके साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी इससे निपटने में सफल रहेंगे. अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर आठ के पहले मैच में 76 रन से हारने के बाद भारत को अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे. जिम्बाब्वे के बाद वह रविवार को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगा. सितांशु कोटक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की प्लेइंग-11 से भी सस्पेंस हटाया.

कोटक ने मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, विश्व कप भारत में खेला जा रहा है इसलिए दबाव और उम्मीद होना स्वाभाविक है, मेरा मानना है कि आप कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलें दबाव महसूस होता ही है, फिर यह तो निश्चित तौर पर बहुत दबाव वाला मैच है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

‘अगर हम विश्व कप जीतना चाहते हैं तो हमें दबाव से निपटना होगा’

लेकिन कोटक को भारतीय खिलाड़ियों की मानसिक दृढ़ता पर कोई संदेह नहीं है. उन्होंने कहा, मुझे सच में लगता है कि हम इसलिए एक मैच हार गए क्योंकि हमने अच्छी साझेदारी नहीं निभाई, लोग इसके बारे में (दबाव के बारे में) ज्यादा बात करते हैं, मेरा मानना है कि हमारे खिलाड़ी दबाव से निपटने में सक्षम है, अगर हम विश्व कप जीतना चाहते हैं तो हमें दबाव से निपटना होगा.

‘उसी तरह की क्रिकेट खेलनी होगी जिसने हमें सफलता दिलाई है’

कोटक ने कहा कि भारत टूर्नामेंट में आगे भी आक्रामक बल्लेबाजी की अपनी रणनीति पर कायम रहेगा. उन्होंने कहा, निश्चित तौर पर हम उसी तरह की क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे, मुझे लगता है कि हमें बहुत सकारात्मक रहना होगा और उसी तरह की क्रिकेट खेलनी होगी जिसने हमें सफलता दिलाई है, हम उसी तरह से खेलेंगे, हमारे रवैए में कोई बदलाव नहीं होगा.

भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने खराब फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लय में लौटने का समर्थन किया लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 विश्व कप सुपर आठ मैच में शीर्ष क्रम में रणनीतिक बदलाव से इनकार नहीं किया जिसमें संजू सैमसन को खिलाना भी शामिल है.

आईसीसी के इस बड़े टूर्नामेंट से पहले शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक के लिए अब तक चीजें मुश्किलें रही हैं. उन्होंने चार मैचों में 3.75 के औसत और 75 के स्ट्राइक-रेट से सिर्फ 15 रन बनाए हैं. लेकिन कोटक को बाएं हाथ के इस खिलाड़ी की काबिलियत पर कोई शक नहीं है.

‘अभिषेक साउथ अफ्रीका के खिलाफ लय में दिखे’

कोटक ने कहा, अभिषेक की तबीयत खराब होने के बाद वह लय में नहीं आ पाए, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में वह अच्छी लय में लग रहा था, किसी एक व्यक्ति के बारे में जरूरत से ज्यादा सोचना व्यक्तिगत रूप से मुझे कभी पसंद नहीं है. उन्होंने कहा, अगर हम किसी एक व्यक्ति पर इतना फोकस करेंगे तो जाहिर है, वह खिलाड़ी भी दबाव में आ जाएगा, जब वह 30, 40 गेंद में 80, 70, 90 या 100 रन बना रहा था, उस समय कोई बात नहीं कर रहा था.

कोटक ने कहा, हमारा काम उसे सकारात्मक रखना है, एक बार जब वह फिर से आक्रामक बल्लेबाजी करना शुरू कर देगा तो आप फिर से वही अभिषेक देखेंगे, टी20 में, कोई गारंटी नहीं दे सकता कि वह अगले मैच में ऐसा करेगा तो मुझे लगता है कि वह (अभिषेक बड़े स्कोर बनाने से) दूर नहीं है. लेकिन इस टूर्नामेंट में ऑफ-स्पिनरों के खिलाफ अभिषेक का संघर्ष साफ दिख रहा है, वह नीदरलैंड के आर्यन दत्त जैसे नए खिलाड़ी के खिलाफ भी आउट हो चुके हैं.

संजू सैमसन को मिलेगा मौका !

संजू सैमसन को मौका देने के सवाल पर बैटिंग कोच ने कहा, बदलाव हो सकते हैं क्योंकि बाएं हाथ के दो खिलाड़ी पारी का आगाज कर रहे हैं और नंबर तीन पर भी बाएं हाथ का खिलाड़ी है और प्रतिद्वंद्वी टीम स्पिन गेंदबाजी कर रही है, मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई समस्या है लेकिन क्योंकि हम पिछले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार गए थे, हमने पहले ओवर में एक विकेट गंवा दिया था, तो जाहिर है, कोई भी टीम यही सोचेगी.

तिलक वर्मा के स्ट्राइक रेट पर क्या बोले कोटक ?

भारतीय टीम के लिए दूसरी चिंता तीसरे नंबर के बल्लेबाज तिलक वर्मा (118) का स्ट्राइक रेट रहा है जिसने भारत को ईशान किशन से मिलने वाली लय से वंचित कर दिया. हालांकि कोटक को तिलक के बल्लेबाजी करने के तरीके में कोई कमी नहीं लगी. उन्होंने कहा, तिलक के साथ कोई दिक्कत नहीं है क्योंकि पाकिस्तान के मैच में हमारा लक्ष्य पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन था और उस विकेट पर वह काफी अच्छा था, ईशान ने अच्छी शुरुआत दी, वहां (कोलंबो में) गेंद स्पिन हो रही थी। इसलिए कोई भी टीम एक बार में 3-4 विकेट नहीं लेना चाहेगी। ’’

उन्होंने कहा, तिलक के लिए भी यह दो बाउंड्री की बात है, कभी-कभी बल्लेबाज उन गेंद को नहीं समझ पाता, अगर वह 30वीं या 32वीं बॉल पर 34-35 रन पर है, या 26वीं गेंद पर 28 रन पर है, अगर वह एक बाउंड्री, दो बाउंड्री और एक छक्का लगा लेता है तो वह आगे बढ़ जाएगा. कोटक ने कहा, मुझे नहीं लगता कि गेंद को डिफेंड करने का कोई सवाल ही है, उसे ऐसा कोई निर्देश नहीं है और ना ही वह खुद ऐसा सोचता है. इसलिए तिलक या अभिषेक को लेकर कोई तनाव नहीं है

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/