टीम इंडिया को दिलाया तीन आईसीसी खिताब, अजीत अगरकर को बीसीसीआई ने दिया ईनाम
सीनियर चयन समिति में कोई भी चार साल तक और दोनों समितियों में मिलाकर कुल पांच साल तक काम कर सकता है इसलिए अजीत अगरकर को नया अनुबंध दिया गया है,
Published On Apr 19, 2026, 03:38 PM IST
Last UpdatedApr 19, 2026, 03:38 PM IST
Ajit Agarkar
Ajit Agarkar’s contract renewed: टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर को बीसीसीआई ने बड़ा ईनाम दिया है. साल 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए अजीत अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट एक साल के लिए बढ़ाने का फैसला लिया है. जून 2026 में उनका कार्यकाल खत्म होना था, मगर अब वह 2027 तक सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे
अगरकर के चीफ सेलेक्टर बनने के बाद अक्टूबर 2023 से मार्च 2026 के बीच चुनी गई भारतीय टीम चार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची और इसमें से तीन में टीम ने खिताब जीता. भारत इस दौरान दो टी20 विश्व कप और एक बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में सफल रहा और यह पहले से ही लगभग तय था कि उनका अनुबंध चौथे साल के लिए बढ़ाया जाएगा.
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने पीटीआई को बताया, अगरकर ने सेवा विस्तार नहीं मांगा था, एक चयनकर्ता जूनियर या सीनियर चयन समिति में चार साल तक और दोनों समितियों में मिलाकर कुल पांच साल तक काम कर सकता है इसलिए अजीत को नया अनुबंध दिया गया है, उसमें विस्तार नहीं किया गया. अगरकर के करीबी सूत्रों ने हमेशा यही कहा कि वह खुद अनुबंध बढ़वाने की मांग करने की जगह फैसला करने वालों को अपनी समिति के प्रदर्शन का आकलन करने देना अधिक पसंद करते हैं.
चीफ सेलेक्टर के नेतृत्व में चयन समिति ने लिए कड़े फैसले
पचास ओवर के विश्व कप से पहले निरंतरता बनाए रखना बोर्ड के इस फैसले के पीछे के मुख्य कारणों में से एक है. अपने कार्यकाल के दौरान समिति ने कई कड़े फैसले किए हैं जिनमें विराट कोहली और रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की प्रक्रिया को देखना और सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर करना शामिल है.
शुभमन गिल को टी-20 वर्ल्ड कप से किया था बाहर, ईशान किशन की हुई थी एंट्री
समिति ने एक साहसिक चयन फैसला भी लिया जिसमें टेस्ट और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय कप्तान शुभमन गिल को टी20 विश्व कप टीम से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी इशान किशन को टीम में शामिल किया गया.