×

भारत की अंडर-19 टीम ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, वैभव सूर्यवंशी ने किया धमाका

वैभव सूर्यवंशी ने पहले ही मैच में धमाकेदार पारी खेली और 95 बॉल में नौ चौके और 14 छक्के की मदद से 171 रन बनाए.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 12, 2025 4:14 PM IST

Highest team scores in men’s U19 ODIs: भारत की अंडर-19 टीम ने यूएई के खिलाफ मैच में इतिहास रच दिया है. भारतीय टीम ने अंडर-19 एशिया कप 2025 के पहले मुकाबले में यूएई के खिलाफ 50 ओवर में छह विकेट पर 433 रन बनाए. वैभव सूर्यवंशी ने पहले ही मैच में एक और धमाका किया और 95 बॉल में नौ चौके और 14 छक्के की मदद से 171 रन बनाए. इस इनिंग के वैभव सूर्यवंशी ने कई रिकॉर्ड बनाए हैं, वहीं भारत की अंडर-19 टीम ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया.

भारतीय टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 433 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. वैभव सूर्यवंशी के अलावा आरोन जार्ज और विहान मल्होत्रा ने 69-69 रन की पारी खेली. वेदांत त्रिवेदी ने 38 रन, अभिज्ञान कुंडु ने नाबाद 32 रन और कनिष्क चौहान ने 28 रन का योगदान दिया.

भारतीय टीम ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत की अंडर-19 टीम ने तीसरी बार 400 प्लस का स्कोर बनाया है. अंडर-19 क्रिकेट में तीन बार 400 प्लस का स्कोर बनाने का कारनामा सिर्फ भारतीय टीम ही कर सकी है. इससे पहले भारत ने अंडर-19 वनडे में 2004 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 425 रन बनाए थे. वहीं 2022 में टीम ने युगांडा के खिलाफ 405 रन का स्कोर बनाया था.

अंडर-19 वनडे क्रिकेट का बनाया तीसरा सबसे बड़ा स्कोर

यह अंडर-19 वनडे क्रिकेट का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है. ऑस्ट्रेलिया (480/6) के नाम सबसे बड़ा स्कोर है, वहीं न्यूजीलैंड (436/4) दूसरे नंबर पर है.

वैभव सूर्यवंशी ने बनाए कई रिकॉर्ड्स

वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए है. उनसे आगे सिर्फ अंबाती रायडू हैं, जिन्होंने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ 177 रन की नाबाद पारी खेली थी. वैभव सूर्यवंशी ने शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 160- 160 रन बनाने का रिकॉर्ड था. राज बावा ने भी 162 रन की पारी खेली थी. इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी एशिया यूथ/अंडर-19 कप में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने अफगानिस्तान के दरवेश रसूली और पाकिस्तान के शहजैब खान को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 10-10 छक्के छड़े थे.