टी20 विश्व कप मैच में हमसे ज्यादा दबाव टीम इंडिया पर होगा: बाबर आजम
आईसीसी टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान टीमें 24 अक्टूबर को एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे।
Published On Sep 02, 2021, 09:11 PM IST
Last UpdatedSep 02, 2021, 09:11 PM IST
आईसीसी के आगामी टी20 विश्व कप के शेड्यूल का ऐलान करने के साथ ही क्रिकेट फैंस 24 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले के लिए उत्साहित हो गए। विश्व कप के इतिहास को देखें तो पाक टीम आज तक भारत को नहीं हरा पाई है। हालांकि टीम के मौजूदा कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) का मानना है कि जब उनकी टीम विश्व कप मुकाबले में भारत से भिड़ेगी तो ज्यादा दबाव प्रतिद्वंद्वी टीम पर ही होगा।
बाबर ने रमीज राजा (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के होने वाले अगले चेयरमैन) से मुलाकात के बाद कहा, ‘‘मुझे लगता है कि विश्व कप मैच में हमारी तुलना में भारतीय टीम ज्यादा दबाव में होगी। हम अपना अभियान भारत को हराकर शुरू करना चाहेंगे।’’
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा जारी ड्रा के अनुसार भारत और पाकिस्तान दुबई में विश्व टी20 कप के ग्रुप चरण में एक दूसरे से भिड़ेंगे। दोनों टीमों ने विश्व कप 2019 के बाद से एक दूसरे के खिलाफ कोई क्रिकेट मैच नहीं खेला है। इस भिड़ंत में भी भारत ने पाकिस्तान को आसानी से हरा दिया था।
बल्कि आईसीसी प्रतियोगिताओं में भारत का पलड़ा भारी रहा है और 50 ओवर के विश्व कप में उसे पाकिस्तान से हार का सामना नहीं करना पड़ा है। बाबर ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात में खेलना उनके लिये घर पर खेलने जैसा ही होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘ये हमारे घरेलू मैदान की तरह ही है, जब हम संयुक्त अरब अमीरात के मैदानों पर खेलते हैं तो हमें फायदा मिलता है और इसके साथ ही अपना शत प्रतिशत देना चाहेंगे।’’