इंग्लैंड टेस्ट से पहले फिट हो जाएंगे शमी पर टीम मैनेजमेंट की दुविधा है ये
भारत को अगस्त महीने से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है।
Published On Jun 13, 2018, 04:29 PM IST
Last UpdatedJun 13, 2018, 04:29 PM IST
Mohammad Shami (File Photo) © PTI
भारत को गुरुवार से अफगानिस्तान के खिलाफ उनके टेस्ट डेब्यू मैच में उतरना है। फिटनेस टेस्ट में फेल होने के कारण मोहम्मद शमी को इस मैच से बाहर कर दिया गया है। शमी की जगह पर मैच में युवा गेंदबाज नवदीप सैनी को जगह दी गई है। मौजूदा समय में आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शमी 16वें स्थान पर हैं। भारतीय तेज गेंदबाजी क्रम में शमी बेहद अहम स्थान रखते हैं। उम्मीद की जा रही है कि वो इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले एक दम फिट हो जाएंगे।
भारत इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज एक अगस्त से शुरू होगी, जिसमें अभी करीब डेढ़ महीने का वक्त बचा है। कड़े फिटनेस नियमों को पूरा नहीं करने के कारण शमी अफगानिस्तान टेस्ट में अपनी जगह नहीं बना पाए। टाइम्स ऑफ इंडिया ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट चाहता है कि शमी इंग्लैंड दौरे से पहले न सिर्फ शारीरिक तौर पर फिट हो जाएं, बल्कि वो मानसिक रूप से भी सही होकर मैदान पर लौटें।
शमी पिछले तीन महीने से पत्नी से चल रहे विवाद के कारण तनाव में हैं। जिसके कारण उनकी फॉर्म में भी काफी असर पड़ा है। टीम मैनेजमेंट चाहता है कि अहम टेस्ट सीरीज से पहले उनका ये टेस्ट गेंदबाज हर लिहाज से फिट होकर मैदान में पहुंचे। टीआईआई के सूत्रों का कहना है कि आईपीएल 2018 के दौरान शमी दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से खेले जरूर, लेकिन उन्होंने टीम की गतिविधियों में ज्यादा हिस्सा नहीं लिया।