- Home
- News
- The plan today was simply to execute well in the powerplay vaibhav Suryavanshi reacts after win against CSK in ipl 2026
CSK के खिलाफ हमारा प्लान... वैभव ने तूफानी पारी के बाद किया बड़ा खुलासा, जायसवाल को भी दिया क्रेडिट
15 साल के युवा बल्लेबाज ने कहा, शुरुआत में विकेट थोड़ा धीमा था, लेकिन बाद में बल्लेबाजी आसान हो गई, कोचों ने मुझ पर भरोसा जताया है और कहा है कि अपने खेल पर कायम रहूं.
Published On Mar 31, 2026, 06:57 AM IST
Last UpdatedMar 31, 2026, 06:57 AM IST
Vaibhav Suryavashi fifty
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने जीत के साथ शुरुआत की है. राजस्थान रॉयल्स ने अपने पहले मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को आठ विकेट से हराया. महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा करने वाले सूर्यवंशी ने 17 गेंदों की पारी में 52 रन बनाए, जिससे राजस्थान रॉयल्स ने 128 रन के लक्ष्य को 12.1 ओवर में दो विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. जीत के बाद 15 साल के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि उनकी योजना पावरप्ले में ही मैच का रुख तय करने की थी.
सूर्यवंशी ने मैच के बाद प्रसारकों से कहा, ‘हमारी योजना पावरप्ले में बड़ा स्कोर खड़ा करने की थी, शुरुआत में विकेट थोड़ा धीमा था, लेकिन बाद में बल्लेबाजी आसान हो गई, कोचों ने मुझ पर भरोसा जताया है और कहा है कि अपने खेल पर कायम रहूं.
यशस्वी जायसवाल की भूमिका की तारीफ
वैभव सूर्यवंशी ने साथी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की भूमिका की तारीफ करते हुए कहा कि इस भारतीय बल्लेबाज के मार्गदर्शन से उन्हें फायदा हुआ. सूर्यवंशी ने कहा, वह मुझे बड़े शॉट खेलने के लिए प्रेरित करते हैं और कहते हैं कि गेंद अच्छे से बल्ले पर आ रही है और उसी तरह खेलते रहो.
रियान पराग ने भी की सूर्यवंशी की तारीफ
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने भी सूर्यवंशी की तारीफ की. उन्होंने कहा, मैं उसे कहता हूं कि पूरे 14 मैच खेले और बाहरी बातों से प्रभावित न हो, हमने नेट्स में उसका खेल देखा है और वह शानदार है, टीम संयोजन में बाएं-दाएं हाथ के बल्लेबाजों का संतुलन जरूरी है.
टॉस जीतना हमारे लिए थोड़ा भाग्यशाली रहा: पराग
पराग ने टॉस को निर्णायक बताते हुए कहा कि गेंदबाजों ने परिस्थितियों का बेहतरीन इस्तेमाल किया. पराग ने कहा, टॉस जीतना हमारे लिए थोड़ा भाग्यशाली रहा, बारिश के कारण लाल मिट्टी की पिच गेंदबाजों के लिए मददगार थी और उन्होंने योजनाओं को अच्छी तरह अमल में लाया, कप्तानी के लिए काफी तैयारी की है और हमारा लक्ष्य खिताब जीतना है, हम स्मार्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं और परिस्थितियों के अनुसार ढलना चाहते हैं, जो आज हमने किया.
आजकल अच्छा स्कोर क्या है, यह तय करना मुश्किल है: गायकवाड़
चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने हार के बाद कहा कि शुरुआती परिस्थितियां बल्लेबाजी के लिए चुनौतीपूर्ण थीं. गायकवाड़ ने कहा, शुरुआत में परिस्थितियां मुश्किल थीं, खासकर जोफ्रा आर्चर के खिलाफ, मध्यम गति के गेंदबाजों और स्पिनरों को भी मदद मिल रही थी, शायद हम और लंबी बल्लेबाजी कर सकते थे, लेकिन आजकल अच्छा स्कोर क्या है, यह तय करना मुश्किल है, इसलिए हमें रन बनाते रहना था.
उन्होंने कहा, इस हार को पीछे छोड़ना होगा, तीन दिन में अगला मैच है, टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं, शुरुआत में थोड़ा दबाव था, लेकिन एक मैच खेलना जरूरी था.