'भारत में विकल्प की कमी नहीं..', अय्यर के चयन नहीं होने पर कीवी दिग्गज ने कही बड़ी बात
भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर के चुनाव नहीं होने पर कीवी दिग्गज रॉस टेलर ने बड़ी बात कही है. टेलर ने कहा कि यह दिखाता है कि....
Published On Aug 22, 2025, 06:53 PM IST
Last UpdatedAug 22, 2025, 06:53 PM IST
Taylor on Shreyas Iyer Exclusion: न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज रॉस टेलर ने शुक्रवार को यहां कहा कि एशिया कप के लिए भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में श्रेयस अय्यर को जगह नहीं मिलना दिखाता है कि इस देश में प्रतिभावान खिलाड़ियों के विकल्प में कोई कमी नहीं है.
अय्यर ने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है. उनके नेतृत्व में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2024 आईपीएल खिताब को जीता था जबकि इस साल उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स ने फाइनल तक का सफर तय किया.
भारत में विकल्प की कोई कमी नहीं
टेलर ने यहां सीएलटी10 लीग कार्यक्रम से इतर पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘मैंने अभी तक टीम नहीं देखी है, इसलिए कुछ कह नहीं सकता. जब आप इस तरह के बेहतरीन खिलाड़ी को बाहर रख सकते हैं, तो आपको अपनी टीम में विकल्पों को लेकर काफी सहज होना पड़ेगा.’’ अय्यर को एशिया कप के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम के अलावा पांच स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल नहीं किया गया है.
उन्होंने भारत के नये टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की तारीफ की जिनके नेतृत्व में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी टेस्ट श्रृंखला को भारतीय टीम ने 2-2 से बराबर किया.
उन्होंने कहा, ‘‘ इंग्लैंड के खिलाफ यह एक शानदार श्रृंखला थी. आप जब भी टेस्ट क्रिकेट को विदेशी परिस्थितियों में खेलते हैं तो अपको दिलेरी से परिस्थितियों का सामना करना होता है. गिल ने शानदार खेल दिखाया और जवाबदेही के साथ नेतृत्व किया. यह शानदार श्रृंखला थी. ’’
आपको बता दें कि भारतीय टीम के ऐलान के पहले चर्चा यही चल रही थी कि श्रेयस अय्यर को हर हाल में भारतीय टीम में जोड़ा जाएगा. हालांकि चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल नहीं किया. अय्यर के भारतीय टीम से बाहर होने के बाद उनके फैंस काफी नाखुश भी नजर आए.