पाक ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज ने संन्यास की खबरों का किया खंडन
पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज को आगामी एशिया कप के लिए पाक टीम से बाहर कर दिया गया है।
Published On Sep 06, 2018, 01:14 PM IST
Last UpdatedSep 06, 2018, 01:14 PM IST
Muhammad Hafeez © Getty Images
पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास संबंधी खबरों का खंडन किया है। हफीज को आगामी एशिया कप के लिए पाक टीम में जगह नहीं मिली है।
शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया था कि एशिया कप टीम में शामिल नहीं किए जाने से हफीज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने नाराज हैं। इसके अलावा वे हाल में जिम्बाब्वे दौरे पर मेजबान टीम के खिलाफ एक भी वनडे मैच में शामिल नहीं किए जाने से भी पीसीबी से खफा हैं।
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक 37 साल के हफीज ने कहा, ‘ मुझे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से कोई शिकायत नहीं है। बोर्ड ने जो फैसला लिया है उसको मैं स्वीकार करता हूं। संन्यास लेने संबंधी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। मुझे पीसीबी की ओर से लिया गया फैसला मंजूर है।’
हफीज ने कहा है कि वो घरेलू टूर्नामेंट कायदे आजम ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर चयनकार्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचने की कोशिश करेंगे।
बकौल हफीज, ‘ मैं कायदे आजम ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा और चयनकर्ताओं का ध्यान दोबारा अपनी ओर खींचने का प्रयास करूंगा।’
इससे पहले हफीज ने एशिया कप टीम से बाहर किए जाने पर पीसीबी के नए चेयरमैन एहसान मनी को एक पत्र लिखा था। हफीज ने कहा, ‘ मुझे ये बात समझ नहीं आई कि वे कैसे इस तरह के एक अनुभवी खिलाड़ी से ऐसा बर्ताव कर सकते हैं। यदि वे मुझे खिलाना नहीं चाहते हैं तो वो सीधा मुझसे आकर कह सकते हैं।’