- Home
- News
- There Should be Clarity to Virat Kohli and Rohit Sharma for 2027 ODI World Cup says Yuvraj Singh
'मैं नहीं चाहता कि भारत के किसी भी सीनियर खिलाड़ी को...' रोहित-विराट के भविष्य पर युवराज सिंह की इमोशनल अपील
भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह का मानना है कि सिलेक्टर्स को रोहित और विराट से उनके भविष्य को लेकर खुलकर बात करनी चाहिए.
Published On Apr 03, 2026, 09:40 PM IST
Last UpdatedApr 03, 2026, 09:40 PM IST
युवराज सिंह की रोहित और विराट के भविष्य पर राय
भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के क्रिकेट भविष्य को लेकर बड़ी टिप्पणी की है. युवराज का मानना है कि टीम प्रबंधन को चाहिए कि 2027 के वनडे वर्ल्ड कप से पहले इन दोनों को स्पष्टता देनी चाहिए. उन्होंने कहा कि ये दोनों खिलाड़ी पारदर्शी बातचीत का हक रखते हैं. युवराज ने जोर देकर कहा कि करियर के इस पड़ाव पर अगर आपको पूरी जानकारी न दी जाए तो यह गलत होगा. इसके साथ ही अगले वैश्विक टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम की प्लानिंग सही होनी चाहिए.
रोहित शर्मा और विराट कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से रिटायर हो चुके हैं. वे सिर्फ अब वनडे इंटरनेशनल में खेलते हैं. भारत के लिए वनडे वर्ल्ड कप 2027 की प्लानिंग में इन दोनों की भूमिका काफी अहम होने वाली है. और इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट की अगली पीढ़ी को सेट करने और तैयार करने में इन दोनों की भूमिका काफी अहम होने वाली है. स्पोर्ट्स तक के साथ बातचीत में युवराज सिंह ने कहा कि मुख्य कोच और भारतीय चयनकर्ताओं को इन दोनों बड़े खिलाड़ियों से कुळकर बात करनी चाहिए.
महान खिलाड़ियों से खुलकर बात करनी चाहिए
युवराज ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि उनके दिमाग में क्या चल रहा है. वे वर्ल्ड कप के लिए प्रतिबद्ध नजर आ रहे हैं लेकिन मुझे लगता है कि फैसला उनके और सिलेक्टर्स पर निर्भर करता है, इन्हें ही भविष्य तय करना है. मेरा कहना है कि वे इतने महान खिलाड़ी हैं तो साफ बात होनी चाहिए.’
उन्होंने आगे कहा, ‘आपको कमरे में बैठकर खुलकर बातें करनी चाहिए. खास तौर पर करियर के इस पड़ाव पर यह मुश्किल हो जाता है. आपको यह सुनना शायद पसंद न आए कि टीम आगे के बारे में सोच रही है. लेकिन एक साल बाद आप इस बात की तारीफ करेंगे कि किसी ने तुम्हें सामने से सच्चाई बताई. आम तौर पर भारतीय क्रिकेट में ऐसा नहीं होता.’
रोहित और विराट को बतानी चाहिए प्लानिंग
युवराज सिंह ने जोर देकर कर कहा कि रोहित-कोहली की बहस भारतीय क्रिकेट में सुर्खियां बटोरती रहेगी. लेकिन भारत का लक्ष्य 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए एक साफ और मजबूत रोडमैप तैयार करने पर होना चाहिए. युवराज को इस बात की चिंता नहीं है कि कौन खेलेगा या नहीं बल्कि वह यह सोचना चाहते हैं कि टीम प्रबंधन इन दोनों सीनियर खिलाड़ियों और अगली पीढ़ी से कितनी स्पष्टता से बात करती है.
उन्होंने कहा, ‘मैं नहीं चाहता कि कोई भी खिलाड़ी जो देश के लिए इतने सा खेला हो वह इस स्थिति में फंसे कि कोई उसे साथ बैठाकर यह बताने वाला न हो कि आखिर भविष्य का प्लान क्या है. या तो उन्हें वर्ल्ड कप में खेलने का पक्का वादा करें और फिर पूरी तरह उनका साथ दें या उन्हें बता दें कि टीम युवा खिलाड़ियों की ओर देख रही है. किसी को यह बात करनी होगी. उन्हें सच्चाई और हकीकत बताइए. मुझे लगता है कि इस आईपीएल के बाद हो जाना चाहिए.’
वर्ल्ड कप में अनुभव की जरूरत पड़ती है
युवराज से जब पूछा गया कि क्या इन दोनों को वर्ल्ड कप में खेलना चाहिए? तो उन्होंने कहा, ‘आपको टीम में अनुभव की जरूरत है. आप सिर्फ युवा खिलाड़ियों के साथ नहीं जा सकते. आपको विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी वर्ल्ड कप की टीम में चाहिए. लेकिन, बात यह है कि आप जो कुछ भी सोच रहे हैं, इन खिलाड़ियों के साथ खुलकर इस पर बात कीजिए. उन्हें अंधेरे में मत रखिए. यह ठीक नहीं है. उनके लिए भी नहीं.’
भारतीय युवा खिलाड़ियों में यशस्वी जायसवाल जैसे ओपनर अभी वनडे टीम का नियमित हिस्सा नहीं हैं. लेकिन रोहित और विराट हालिया मुकाबलों में काफी फिट नजर आ रहे हैं. आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले मुंबई इंडियंस टीम की मालकिन नीता अंबानी भी रोहित की फिटनेस को देखकर हैरान हो गई थीं.