- क्रिकेट न्यूज़
- News
- they can not drop Virat Kohli and Rohit Sharma if they want to play says Ravichandran Ashwin
'अगर वे खेलना चाहते हैं तो वे रोहित-विराट को ड्रॉप नहीं कर सकते', अश्विन का बड़ा बयान
रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा अगर खेलना चाहते हैं तो उन्हें ड्रॉप नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि इन दोनों का फैन बेस बहुत बड़ा है.
Published On Jul 21, 2026, 10:55 AM IST
Last UpdatedJul 21, 2026, 10:55 AM IST
विराट कोहली और रोहित शर्मा पर अश्विन का बयान (फोटो- IANS)
रविचंद्रन अश्विन ने दावा किया है कि टीम प्रबंधन रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों को ड्रॉप नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कि जब तक ये दोनों खिलाड़ी खेलते रहना चाहें उन्हें कोई ड्रॉप नहीं कर सकता.
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज के तीसरे मैच से पहले ऐसी अटकलें थीं कि यह रोहित शर्मा के करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है. हालांकि बोर्ड की ओर से ऐसी किसी भी खबर को खारिज कर दिया गया था. रविवार, 19 जुलाई को लॉर्ड्स पर खेले गए मैच में रोहित ने भी आलोचकों को बल्ले से जवाब दिया था. रोहित ने 110 गेंद पर ताबड़तोड़ 138 रन की पारी खेली थी.
अश्विन ने कहा कि अगर विराट और रोहित को ड्रॉप किया जाता है तो बड़ी संख्या में मौजूद उनके फैंस इसके खिलाफा आवाज उठाएंगे. उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज जैसे सीनियर खिलाड़ियों के पास इस तरह प्रशंसक नहीं हैं. इस वजह से उन्हें नजरअंदाज करना आसान हो जाता है.
उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘अगर वे खेलना चाहते हैं तो कोई विराट और रोहित को छू नहीं सकता. ऐसा उनकी साख की वजह से है. रोहित ने करीब 12 हजार रन बनाए हैं. वे उसे छू नहीं सकते. दूसरी बात यह है कि वे बल्लेबाज हैं. अगर आप उन्हें छूएंगे तो उनके पास पूरी एक फौज है. लोग उन्हें देखने आते हैं. अगर आप उन्हें ड्रॉप करेंगे तो बहुत बड़ा बवाल हो जाएगा.’
अश्विन ने आगे कहा, ‘लेकिन अगर शमी, सिराज और भुवनेश्वर को नहीं चुना जाता है तो ज्यादा से ज्यादा 10 हजार लोग अपना सवाल उठाएंगे. तो इतना ज्यादा शोर नहीं मचेगा. अगर वह दिन आया जब लोग गेंदबाजों के लिए आवाज उठाते हैं तो फिर ऐसे में इन्हें भी ड्रॉप करना मुश्किल होगा. तो, असल में विराट और रोहित को ड्रॉप करना नामुमकिन है. लेकिन यही नियम गेंदबाजों पर नहीं चलता है.’
अश्विन ने कहा कि भारतीय टीम को 2027 के वनडे वर्ल्ड के लिए सिराज, भुवनेश्वर और शमी जैसे अनुभवी गेंदबाजों की जरूरत होगी.
उन्होंने कहा, ‘भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज ने अच्छा किया है. उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्हें साउथ अफ्रीका की पिचों पर मदद मिलेगी. ऐसे में आपको इसमें सभी को दावेदार के तौर पर रखना होगा.’