add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

This Day That Year- World Cup 2011: प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे Yuvraj Singh, 10वीं सालगिरह पर बोले- बस थोड़ा बहुत ही परफॉर्म किया

वर्ल्ड कप 2011 की 10वीं वर्षगांठ के मौके पर युवराज सिंह ने यह खास वीडियो शेयर कर उस ऐतिहासिक जीत को कुछ यूं याद किया.

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Updated on - April 2, 2021 2:08 PM IST

Today in History- This Day That Year: टीम इंडिया आज (2 अप्रैल) अपनी वर्ल्ड कप 2011 (World Cup 2011) जीत की 10वीं सालगिरह मना रही है. 10 साल पहले आज ही के दिन भारतीय टीम ने महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी में यह खिताब अपने नाम किया था. भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका को हराकर वनडे क्रिकेट में 28 साल बाद दोबारा वर्ल्ड चैंपियन बनने का अपना ख्वाब पूरा किया था.

इस टूर्नामेंट में स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने खेल के हर मोर्चे पर बेहतरीन परफॉर्मेंस कर भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. युवी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी मिला था लेकिन इस जीत के 10 साल बाद भी यह स्टायलिश लेफ्टहैंडर बल्लेबाज अपनी परफॉर्मेंस को बस थोड़ा-बहुत योगदान ही मानता है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

आज वर्ल्ड कप की 10वीं वर्षगांठ के मौके पर युवराज ने अपने टि्वटर हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है. 2 मिनट 19 सेकंड के इस वीडियो में युवी ने बताया कि वह और उनकी टीम के खिलाड़ी इस वर्ल्ड कप को महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के लिए जीतना चाहते थे. इस वीडियो में युवराज ने कहा कि समय कितनी तेजी से बीत रहा है कि उस ऐतिहासिक जीत को आज 10 साल हो गए हैं.

इसके बाद उन्होंने कहा, ‘हमारी पूरी टीम इस वर्ल्ड कप हर हाल में जीतना चाहती थी. खासतौर से सचिन तेंदुलकर के लिए. क्योंकि हमें मालूम था कि यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप है और हम चाहते थे कि हम भारत में यह खिताब जीतें, जो इससे पहले दुनिया की कोई भी (मेजबान टीम) ऐसा नहीं कर पाई थी.’ इसके अलावा उन्होंने वर्ल्ड कप फाइनल में यादगार पारियां खेलने वाले गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) और कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) के खेल की भी तारीफ की.

युवी ने कहा कि वह इस वीडियो को आज सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, भज्जी (हरभजन सिंह), जहीर खान आदि साथइयों के साथ करना चाहते थे. लेकिन दुर्भाग्य से सचिन कोविड- 19 पॉजिटिव हो गए और उनके अलावा यूसुफ पठान और इरफान भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं.

इसके बाद उन्होंने इस वर्ल्ड कप में सभी के बेहतरीन प्रदर्शन की तारीफ की. उन्होंने कहा कि सचिन तो इस वर्ल्ड कप में ही नहीं अपने पूरे करियर में बेहतर लाजवाब रहे. जहीर खान ने 20 से ज्यादा (कुल 21) विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा गंभीर और सहवाग भी पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहे और हमने भी थोड़ बहुत परफॉर्म किया.

बता दें युवी ने इस टूर्नामेंट में 9 मैच खेलकर कुल 15 विकेट अपने नाम किए थे और इसके अलावा उन्होंने 90.50 के औसत से कुल 8 पारियों में 362 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और 4 हाफ सेंचुरी शामिल थीं. इस जीत के बाद क्रिकेट फैन्स में तब मायूसी छा गई थी, जब युवराज ने अपने फेफड़ों में कैंसर ट्यूमर के बारे में बताया था. हालांकि इस चैंपियन खिलाड़ी ने इस गंभीर बीमारी को भी मात देकर क्रिकेट मैदान पर फिर से वापसी की थी.

39 वर्षीय इस पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी ने कहा, ‘वर्ल्ड कप जीत की यादें सबसे खास हैं. यह हमारे लिए बहुत ही भावुक और बड़ा दिन था. मैं मानता हूं कि मेरे क्रिकेट करियर में कोई और चीज इसकी जगह नहीं ले सकती.’ इस वीडियो में युवराज ने इस ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत के कई यादगार लम्हों की तस्वीरों को भी शेयर किया है.