TG20 Auction: तिलक वर्मा पर लगी सबसे बड़ी बोली, सिराज से महंगे रहे अनकैप्ड सीवी मिलिंद
स नीलामी में एचसीए-रजिस्टर्ड 1,300 से अधिक क्रिकेटरों का पूल शामिल था, जिन्हें आइकन, ए+ और ए कैटेगरी में बांटा गया था. इस नीलामी में इंटरनेशनल स्टार, घरेलू स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी और जिला स्तर के होनहार क्रिकेटर एक साथ आए
Published On Jun 07, 2026, 06:34 PM IST
Last UpdatedJun 07, 2026, 06:34 PM IST
TG Auction
पहली टीजी20 प्लेयर नीलामी में तिलक वर्मा, मोहम्मद सिराज सहित कई स्टार खिलाड़ियों पर पैसे की बरसात हुई. अनकैप्ड सीवी मिलिंद को मोहम्मद सिराज से ज्यादा पैसे मिले, जो हैरान करने वाला था. हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी के प्रिंसेस कन्वेंशन सेंटर में हुई इस नीलामी में एचसीए-रजिस्टर्ड 1,300 से अधिक क्रिकेटरों का पूल शामिल था, जिन्हें आइकन, ए+ और ए कैटेगरी में बांटा गया था.
इस नीलामी में इंटरनेशनल स्टार, घरेलू स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी और जिला स्तर के होनहार क्रिकेटर एक साथ आए. यह टीजी20 के उस विजन को दिखाता है जिसका मकसद तेलंगाना की प्रतिभाओं के लिए विश्वस्तरीय प्लैटफॉर्म बनाना है।
सबसे महंगे खिलाड़ी बने तिलक वर्मा
तिलक वर्मा नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी बने. वह आइकन कैटेगरी में 33 लाख रुपये में मेदक फाल्कन्स से जुड़े. वहीं, मोहम्मद सिराज को वारंगल वॉरियर्स ने 14 लाख रुपये में चुना और सीवी मिलिंद सबसे महंगे ‘अनकैप्ड’ खिलाड़ी बने, उन्हें अन्विता खम्मम एसेस ने 17 लाख रुपये में खरीदा. सीवी मिलिंद मोहम्मद सिराज से भी महंगे रहे.
आइकन कैटेगरी में चुने गए अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में रवि किरण (पालमुरु स्ट्राइकर्स), टी. रवितेजा (मेदक फाल्कन्स), तनाय त्यागराजन (प्रणव रंगा रेड्डी राइजर्स), राहुल बुद्धि (अनुराग नलगोंडा नाइट्स), तन्मय अग्रवाल (करीमनगर डायमंड्स) और रोहित रायडू (पालमुरु स्ट्राइकर्स) शामिल थे. ए+ कैटेगरी में अमन राव (वारंगल वॉरियर्स), प्रज्ञय रेड्डी (पालमुरु स्ट्राइकर्स), अजय देव गौड़ (हैदराबाद ई-चैंपियंस), नितिन साई यादव, एरन जॉर्ज और रक्षण रेड्डी जैसे प्रमुख खिलाड़ियों को चुना गया, जिससे फ्रेंचाइजी ने अपनी मुख्य टीमें मजबूत कीं.
उन्होंने जब कंधे पर हाथ रखा, ऐसा लगा… कोहली के साथ मुलाकात को वैभव सूर्यवंशी ने किया याद
अरफाज अहमद और अभिरथ रेड्डी 11-11 लाख में बिके
ए कैटेगरी में भी उभरते हुए टैलेंट के लिए जबरदस्त बोली लगी. अरफाज अहमद और अभिरथ रेड्डी 11-11 लाख रुपये में बिककर इस कैटेगरी में संयुक्त रूप से सबसे महंगे खिलाड़ी बने। चंदन साहनी (करीमनगर डायमंड्स), प्रणव वर्मा (हैदराबाद ई-चैंपियंस), और हिमा तेजा (अन्विता खम्मम एसेस) अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल थे.
21 जून से शुरू होगा टूर्नामेंट
नीलामी की प्रक्रिया का संचालन चारू शर्मा ने किया. इस दौरान फ्रेंचाइजी के मालिक, टीम के प्रतिनिधि, और लीग के अधिकारी मौजूद थे. टीजी20 का पहला एडिशन 21 जून को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, उप्पल में शुरू होगा, इसमें 8 टीमें 21 दिनों तक चलने वाले 32 मैचों में हिस्सा लेंगी.