×

भारत को मिला नया चेज-मास्टर, विराट कोहली से भी बेहतर आंकडे़, जानिए कौन निकल गया आगे

IND vs SA: तिलक वर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में रनों का पीछा करते हुए एक आंकड़े में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है. वर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी कमाल की बल्लेबाजी की है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 15, 2025 10:24 AM IST

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 का फाइनल मैच याद कीजिए. भारतीय टीम पाकिस्तान के सामने फंसी हुई थी. लेकिन एक युवा खिलाड़ी ने मोर्चा संभाला. और टीम इंडिया को मैच में जीत दिलाई. टीम इंडिया को एक नया चेज-मास्टर मिलने लगा था. और साउथ अफ्रीका के खिलाफ, धर्मशाला में खेले गए सीरीज के तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा. हालांकि वहां स्कोर ज्यादा नहीं था लेकिन भारतीय टीम के इस युवा खिलाड़ी ने ज्यादा नाटकीयता नहीं होने दी. इस खिलाड़ी का नाम तिलक वर्मा है.

विराट कोहली टी20 क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं. और लंबे वक्त तक कोहली इस फॉर्मेट में भी भारतीय टीम के लिए जीत की पटकथा लिखते रहे. रनों का पीछा करने में कोहली का कोई सानी नहीं रहा. लेकिन कोहली के जाने के बाद भारत को ऐसे ही किसी खिलाड़ी की जरूरत थी जो अहम मौकों पर संयम कायम रखे और भारत की गाड़ी को पटरी पर रखे. और वर्मा इस भूमिका को अच्छी तरह निभा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- IND vs SA: हार्दिक पांड्या ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज बने

वर्मा के आंकड़े हुए कोहली से बेहतर

टी20 इंटरनेशनल में रनों का पीछा करते हुए कम से कम 500 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में तिलक वर्मा का औसत सबसे ज्यादा है. उन्होंने इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है. फुल मेम्बर्स टीम के खिलाड़ियों में अब तिलक वर्मा बल्लेबाजी औसत के मामले में विराट कोहली से आगे हैं. वर्मा ने 18 मैचों की 16 पारियों में 68 के औसत से 544 रन बनाए हैं. वहीं विराट कोहली ने 54 मैचों में 67.10 के औसत से 2013 रन बनाए थे. वर्मा ने चार तो कोहली ने इस दौरान 20 हाफ सेंचुरी लगाई थीं.

नंबर तीन पर फिनिशर धोनी

महेंद्र सिंह धोनी इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं. इस फॉर्मेट में सर्वश्रेष्ठ फिनिशर्स कहे जाने वाले धोनी ने रनों का पीछा करते हुए 46 मैचों में 47.71 के औसत से 668 रन बनाए. साउथ अफ्रीका के जेपी ड्यूमिनी का औसत 45.55 का रहा है वहीं श्रीलंका के कुमार संगाकारा ने रनों का पीछा करते हुए 44.93 के औसत से बल्लेबाजी की.

इसे भी पढ़ें- IND vs SA: जब रन आने होंगे, तब आएंगे, मैं… खराब फॉर्म के सवाल पर सूर्या का यह कैसा जवाब ?

नंबर तीन आता है तिलक वर्मा को रास

इसके साथ ही तिलक वर्मा भारतीय बल्लेबाजी क्रम की एक और समस्या का समाधान करते हुए दिख रहे हैं. टी20 टीम में नंबर तीन पर कौन खेलेगा इसे लेकर अकसर सवाल पूछे जाते हैं. लेकिन वर्मा की बल्लेबाजी को देखते हुए लगता है कि वह इसके प्रबल दावेदार हैं. उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने नंबर तीन पर खेलते हुए 14 पारियों में 58.5 के औसत से 468 रन बनाए हैं. वह दो शतक और दो अर्धशतक भी इस पोजिशन पर बैटिंग करते हुए बना चुके हैं.

साउथ अफ्रीका के खिलाफ बैटिंग में भी वर्मा जबर्दस्त

वर्मा को साउथ अफ्रीका के खिलाफ बल्लेबाजी करने में भी मजा आता है. इस फॉर्मेट में 300 से ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में किसी भी एक टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा औसत वर्मा के ही नाम है. उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 70.50 के औसत से बल्लेबाजी की है. वहीं विराट कोहली को पाकिस्तान और श्रीलंका की टीम रास आचती है. पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में कोहली का बैटिंग औसत 70.28 का रहा. वहीं श्रीलंका के खिलाफ 67.80 का. केएल राहुल और विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी खुलकर रन बनाए. राहुल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 58.83 और कोहली ने 57.0 के औसत से रन बनाए.

इसे भी पढ़ें- IND VS SA: भुवनेश्वर से आगे निकले अर्शदीप, हार्दिक ने रचा इतिहास, तीसरे T20I में बने कई रिकॉर्ड्स

TRENDING NOW

रविवार, 14 दिसंबर को खेले गए मैच की बात करें तो भारतीय गेंदबाजों ने साउथ अफ्रीका को 117 रन के स्कोर पर समेट दिया था. इसके बाद टीम ने 16वें ओवर में सात विकेट से जीत हासिल की. भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 35 और शुभमन गिल ने 28 रन बनाए. तिलक वर्मा 26 रन बनाकर नाबाद रहे.