IPL 2026: टिम डेविड, पाटीदार और पडिक्कल ने बल्ले से मचाया कोहराम, CSK ने लगाई हार की हैट्रिक
चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ आरसीबी ने तीन विकेट पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो आईपीएल में टीम का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है.
Published On Apr 05, 2026, 11:17 PM IST
Last UpdatedApr 05, 2026, 11:17 PM IST
Tim David
RCB VS CSK: आरसीबी ने टिम डेविड (नाबाद 70), देवदत्त पडीक्कल (50 रन) के अर्धशतकों के साथ कप्तान रजत पाटीदार की नाबाद 48 रन की पारी से रविवार को आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की. आरसीबी की टीम ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 43 रन से हरा दिया. आरसीबी की इस सीजन यह लगातार दूसरी जीत है.
आरसीबी की टीम ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ तीन विकेट पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो आईपीएल में टीम का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है. पडिक्कल (29 गेंद, पांच चौके, दो छक्के) और डेविड (25 गेंद, तीन चौके, आठ छक्के) ने धमाकेदार हिटिंग का प्रदर्शन करते हुए सीएसके के बेबस गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. कप्तान पाटीदार ने 19 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाए जिसमें एक चौका और छह छक्के शामिल थे. चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम इसके जवाब में 19.4 ओवर में 207 रन पर ढेर हो गई. चेन्नई सुपरकिंग्स ने इस हार के साथ हार की हैट्रिक लगाई है.
चेन्नई सुपरकिंग्स ने पावरप्ले में गंवाए तीन विकेट
251 रन के टारगेट का पीछा करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने खराब शुरुआत की. पहले तीन ओवर में 30 रन पर चेन्नई ने तीन विकेट गंवा दिए. ऋतुराज गायकवाड़ (07) का विकेट पहले ही ओवर में जैकब डफी ने हासिल किया. आयुष म्हात्रे (01) दूसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार का शिकार बने. भुवनेश्वर कुमार का आईपीएल में यह 200वां विकेट है. संजू सैमसन एक बार फिर फ्लॉप रहे और सिर्फ नौ रन की पारी खेलकर जैकब डफी का दूसरा शिकार बने.
सरफराज खान ने जड़ा अर्धशतक
सरफराज खान ने इस सीजन का पहला अर्धशतक लगाया. उन्होंने 25 बॉल में 50 रन की पारी खेली, जिसमें 08 चौके और दो छक्के शामिल थे. क्रुणाल पांड्या ने एक ही ओवर में सरफराज खान और कार्तिक शर्मा (06) को आउट कर चेन्नई को बैकफुट पर धकेल दिया. शिवम दुबे (18) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके. प्रशांत वीर और जेमी ओवरटन (16 बॉल में 37 रन) ने अर्धशतकीय साझेदारी कर मैच में रोमांच बनाए रखा. प्रशांत वीर (29 बॉल में 43 रन) को भुवनेश्वर ने शिकार बनाया, जिसके बाद चेन्नई की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई. चेन्नई की पूरी टीम 19.4 ओवर में 207 रन पर सिमट गई. भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट अपने नाम किए. जैकब डफी, अभिनंदन सिंह और क्रुणाल पांड्या को दो-दो सफलता मिली.
जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके कोहली
चिन्नास्वामी की पिच पर थोड़ी धीमी थी जिस पर बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद आरसीबी के लिए ये साझेदारियां बहुत अहम रहीं. दूसरे विकेट की साझेदारी के दौरान सॉल्ट ज्यादा हावी रहे और इस भागीदारी से टीम को विराट कोहली (28 रन) के जल्दी आउट होने के झटके से उबरने में मदद की, कोहली जब सात रन के स्कोर पर थे तब शिवम दुबे ने खलील अहमद की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया था, हालांकि कोहली जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके.
देवदत्त पडिक्कल ने लगाया सीजन का दूसरा अर्धशतक
सॉल्ट की तेज पारी से घरेलू टीम को पावरप्ले में एक विकेट पर 51 रन तक पहुंचाने में मदद की, लेकिन सॉल्ट ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए, उन्होंने दुबे की गेंद पर डीप में अहमद को एक आसान सा कैच थमा दिया. पडीक्कल ने शिवम दुबे की गेंद पर दो छक्के और एक चौका जड़ा, इसके साथ ही आरसीबी का रन रेट इस पारी में पहली बार 10 रन प्रति ओवर के आंकड़े को पार कर गया. उन्होंने मैट हेनरी की गेंद पर एक रन लेकर इस सत्र में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया, लेकिन फिर वह जेमी ओवरटन की गेंद पर ‘रिवर्स स्कूप’ खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गए.
देवदत्त पडिक्कल ने की जिन्होंने दो अहम साझेदारियां निभाईं. उन्होंने दूसरी विकेट के लिए फिल सॉल्ट (46 रन) के साथ 37 गेंद में 56 रन (37 गेंद) की और तीसरे विकेट के लिए कप्तान पाटीदार के साथ 21 गेंद में 58 रन की भागीदारी की.
आखिरी पांच ओवर में आरसीबी ने बनाए 97 रन
लेकिन तब तक आरसीबी ने 11 से 15 ओवरों के बीच 62 रन बना लिए थे, इसके बाद पाटीदार ने टिम डेविड के साथ और तेजी से रन जोड़े आरसीबी का स्कोर 15 ओवरों के बाद तीन विकेट पर 153 रन था। इसके बाद टीम ने आखिरी पांच ओवरों में 97 रन और जोड़े, इसके साथ उन्होंने सीएसके के गेंदबाजों की आखिरी ओवरों में की गई कुछ खराब गेंदबाजी का भी फायदा उठाया. पाटीदार और डेविड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए 36 गेंद में 99 रन की नाबाद साझेदारी की.
चेन्नई की गेंदबाजी की खुली पोल
पाटीदार ने खलील अहमद की जमकर धुनाई की. पाटीदार ने उनके चौथे और आखिरी ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़ दिया. डेविड ने 17वें ओवर में नूर अहमद को तीन छक्के जड़कर रनों की इस बौछार में अपना योगदान दिया, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 19वें ओवर में ओवरटन पर चार छक्के जड़े जिनमें से तीन लगातार लगे थे. एक मजबूत बल्लेबाजी क्रम के सामने सीएसके की गेंदबाजी की कमजोरियां एक बार फिर उजागर हो गईं.