×

12 छक्के, 326.67 का स्ट्राइक रेट... T10 लीग में सिर्फ दो रन से शतक से चूका RCB का बल्लेबाज

अबुधाबी टी-10 लीग 2025 के फाइनल में यूएई बुल्स की टीम ने 10 ओवर में एक विकेट पर 150 रन बनाए. 151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एस्पिन स्टैलियंस की टीम 10 ओवर में चार विकेट पर 70 रन ही बना सकी.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 1, 2025 12:28 PM IST

Abu Dhabi T10 League 2025 Final: अबुधाबी टी-10 लीग 2025 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड ने अपने बल्ले से कोहराम मचा दिया. टिम डेविड ने फाइनल मुकाबले में तूफानी पारी खेली, हालांकि उनके पास इस मैच में शतक बनाने का भी मौका था, मगर वह सिर्फ दो रन से शतक से चूक गए.

यूएई बुल्स के लिए खेलते हुए टिम डेविड ने 30 बॉल में 98 रन की नाबाद पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और 12 छक्के लगाए. उन्होंने 326.67 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उनकी इस पारी की बदौलत यूएई बुल्स की टीम ने 10 ओवर में एक विकेट पर 150 रन बनाए. टिम डेविड के अलावा फिल साल्ट ने 08 बॉल में 18 रन और रोवमेन पॉवेल ने 20 बॉल में 24 रन की पारी खेली. 151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एस्पिन स्टैलियंस की टीम 10 ओवर में चार विकेट पर 70 रन ही बना सकी. यूएई बुल्स की टीम ने 80 रन से मुकाबले को जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया.

एशमीड नेड के एक ओवर में जड़े पांच छक्के

टिम डेविड ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए. उन्होंने जोहैर इकबाल के फेंके गए सातवें ओवर में लगातार चार छक्के मारे, इसके बाद उन्होंने नौवें ओवर में तीन और छक्के लगाकर सिर्फ 20 गेंदों पर अपना पचास रन पूरा किया. लेकिन असली धमाल आखिरी ओवर में देखने को मिला जब टिम डेविड ने बाएं हाथ के स्पिनर एशमीड नेड के ओवर में पांच छक्के लगाकर 32 रन बनाए।.उन्होंने डीप मिड-विकेट से लेकर डीप एक्स्ट्रा कवर तक मैदान के हर हिस्से पर छक्का लगाया.

दो रन से शतक से चूके टिम डेविड

टिम डेविड के पास अबु धाबी टी-10 लीग में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बनने का मौका था, मगर वह दो रन से इससे चूक गए. अबुधाबी टी-10 लीग में शेरफन रदरफ़ोर्ड (40 बॉल पर 103*) के नाम एकमात्र शतक लगाने का रिकॉर्ड है,उन्होंने यह कारनामा पिछले साल UP नवाबों के खिलाफ किया था.

आईपीएल में आरसीबी का हिस्सा हैं टिम डेविड

टिम डेविड आईपीएल में आरसीबी का हिस्सा हैं. आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने उन्हें रिटेन किया है. टिम डेविड ने आईपीएल 2025 में 185 की स्ट्राइक रेट से 12 मैच की नौ इनिंग में 187 रन बनाए थे. आईपीएल 2026 के लिए आरसीबी की टीम ने उन्हें एक बार फिर रिटेन किया है.