add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

वैभव सूर्यवंशी के लिए सबा करीम ने कही बड़ी बात, पर अभी करना होगा इंतजार

भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम ने कहा है कि अब वक्त आ गया है कि वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनाया जाए. उन्होंने सूर्यवंशी की प्रतिभा की तारीफ की.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 31, 2026 9:48 AM IST

पटना: वैभव सूर्यवंशी की उम्र भले ही अभी कम है. लेकिन टीम इंडिया के दरवाजे पर वह लगातार दस्तक दे रहे हैं. महज 14 साल का यह खिलाड़ी आईपीएल और एज ग्रुप क्रिकेट में अभी से कई यादगार पारियां खेल चुका है. हालांकि आईसीसी का नियम कहता है कि 15 साल से कम उम्र का कोई भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं खेल सकता और शायद यही वजह है कि सूर्यवंशी को अभी अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा. हालांकि पूर्व भारतीय क्रिकेटर सबा करीम का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी को अब राष्ट्रीय टीम में शामिल करने का वक्त आ गया है. बाएं हाथ का बल्लेबाज इस समय शानदार फॉर्म में है. वैभव अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के पिछले तीन मुकाबलों में 72, 40 और 52 रन की पारी खेल चुके हैं.

सूर्यवंशी मार्च में 15 साल के होंगे. उससे पहले उन्हें भारत की सीनियर टीम में शामिल नहीं किया जा सकता. सबा करीम ने सूर्यवंशी के टैलंट की बहुत तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘वह बहुत प्रतिभाशाली हैं. उन्हें देखकर मुझे बहुत खुशी हुई. मुझे लगता है कि अब उन्हें इंडियन नेशनल टीम में शामिल करने का समय आ गया है.’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

उन्होंने कहा, ‘यह अच्छी बात है कि वैभव सूर्यवंशी पर नजर रखी जा रही है. स्टेट एसोसिएशन के लोग काम कर रहे हैं. बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी अपना काम कर रहा है. आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स भी उन पर ध्यान दे रही है. बहुत जल्द ऐसा समय आएगा, जब हम उन्हें नेशनल टीम में देखेंगे.’

वैभव सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 14 साल 32 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था. उन्होंने आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के विरुद्ध महज 35 गेंदों में शतक लगाया था. यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी है. इस मामले में क्रिस गेल शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 23 अप्रैल 2013 को आरसीबी की ओर से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी.

भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन होगा, जिसकी शुरुआत 7 फरवरी से होगी. विश्व कप को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा, ‘टीम इंडिया अच्छा प्रदर्शन कर रही है. हमारी टीम टी20 फॉर्मेट में बहुत मजबूत है. मुझे लगता है कि हम वर्ल्ड कप बहुत आसानी से जीतेंगे. हमारी टीम व्हाइट बॉल फॉर्मेट में शानदार है. हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में थोड़ा काम करना होगा.’