- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Trailblazers vs supernovas womens t20 challenge 2022 harmanpreet kaurs team beat smriti mandhana side by 49 runs 5409009
Womens T20 Challenge 2022: पहले मैच में हरमनप्रीत के सुपरनोवाज ने मंधाना के ट्रेलब्लेजर्स को 49 रन से हराया
सुपरनोवाज के दिए 164 रन का पीछा करने उतरी ट्रेलब्लेजर्स टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर मात्र 114 रन ही बना सकी.
Published On May 23, 2022, 11:05 PM IST
Last UpdatedMay 23, 2022, 11:05 PM IST
सोमवार को खेले गए पहले महिला टी20 चैलेंज मैच में हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) की सुपरनोवा टीम ने स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) की ट्रेलब्लेजर्स को 49 रन से हराया. सुपरनोवाज के दिए 164 रन का पीछा करने उतरी ट्रेलब्लेजर्स टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर मात्र 114 रन ही बना सकी. हरमनप्रीत की टीम की ओर से पूजा वस्त्राकर (Pooja Vastrakar) ने शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने 4 ओवर में मात्र 12 रन देकर 4 विकेट चटकाए.
पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन मैदान में पहले बल्लेबाजी करने उतरी कौर की टीम ने 20 ओवर में ऑलआउट होने से पहले 163 रन का स्कोर बनाया.
सुपरनोवाज के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सर्वाधिक 37(29) रनों की पारी खेली. उनके अलावा हरलीन देओल ने 35 और डिएंड्रा डॉटिन ने 32 रन बनाए.
164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रेलब्लेजर्स टीम को कप्तान मंधाना ने ठोस शुरुआत दिलाई. उन्होंने हेली मैथ्यूज के साथ मिलकर 39 रन की साझेदारी बनाई.
पांचवें ओवर में मैथ्यूज (18) के पूजा वस्त्राकर की गेंद पर आउट होने के बाद मंधाना भी 23 गेंदो पर 34 रन बनाकर आठवें ओवर में वस्त्राकर का शिकार बनीं.
कप्तान के आउट होने के बाद जेमिमा रॉड्रिगेज ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन दूसरे छोर से विकेटों का सिलसिला लगातार जारी रहा.
14वें ओवर में रॉड्रिगेज 24(21) रन बनाकर मेघना सिंह की गेंद पर कैच आउट हुईं. जिसके बाद पूरी टीम 20 ओवर में 114/9 के स्कोर पर सिमट गई.