add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

AUS VS SA: हेड, मार्श और ग्रीन ने जड़ा शतक, कूपर कोनोली का पंजा, साउथ अफ्रीका को मिली सबसे बड़ी हार

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 50 ओवर में दो विकेट खोकर 431 रन बना दिए, जो ऑस्ट्रेलिया का वनडे में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. साउथ अफ्रीका की टीम 24.5 ओवरों में 155 रन पर सिमट गई.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - August 24, 2025 5:00 PM IST

AUS VS SA 3rd ODI: ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श और कैमरन ग्रीन के शतक के बाद कूपर कोनोली के फाइव विकेट हॉल की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को मैके में खेले गए तीसरे वनडे मैच में 276 रन से रौंद दिया. साउथ अफ्रीका की वनडे इतिहास की यह सबसे बड़ी हार है. इससे पहले साउथ अफ्रीका की टीम को 2023 में भारत के खिलाफ कोलकाता के इडेन गार्डेन्स में 243 रन से हार का सामना करना पड़ा था.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 50 ओवरों के खेल में महज दो विकेट खोकर 431 रन बना दिए, जो ऑस्ट्रेलिया का वनडे में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. साउथ अफ्रीका की टीम 24.5 ओवरों में 155 रन पर सिमट गई. हालांकि इस हार के बावजूद साउथ अफ्रीका की टीम ने वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया. अंतिम मुकाबले में शानदार जीत के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम लाज बचाने में कामयाब रही.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

साउथ अफ्रीका की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा नौ बाइलेटरल सीरीज (कम से कम तीन मैच) जीतने वाली टीम बन गई है. साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड (08) को पीछे छोड़ दिया.

हेड, मार्श और ग्रीन ने जड़ा शतक

पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श ने 34.1 ओवरों में 250 रन जुटाए. हेड 103 गेंदों में पांच छक्कों और 17 चौकों की मदद से 142 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान मिचेल मार्श भी 106 के स्कोर पर पवेलियन लौटे, कप्तान ने इस पारी में पांच छक्के और छह चौके लगाए.

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 36.3 ओवरों में दो विकेट खोकर 267 रन बना लिए थे, यहां से कैमरून ग्रीन ने एलेक्स कैरी के साथ तीसरे विकेट के लिए 164 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया. कैमरून ग्रीन 55 गेंदों में 8 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 118 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कैरी ने 37 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 50 रन की पारी खेली. ऐसा पांचवीं बार हुआ है जब वनडे मैच में तीन बल्लेबाज ने शतक जड़ा है.

वनडे पारी में एक टीम के लिए शतक बनाने वाले तीन खिलाड़ी

दक्षिण अफ्रीका (अमला, रोसो, एबी विलियर्स) बनाम वेस्टइंडीज, जोसफ, 2015


दक्षिण अफ्रीका (क्विंटन, फाफ डू प्लेसिस, एबी विलियर्स) बनाम भारत, वानखेड़े, 2015


इंग्लैंड (साल्ट, डी मलान, बटलर) बनाम नीदरलैंड, एम्सटलवीन, 2022


दक्षिण अफ्रीका (क्विंटन, रैसी, मार्करम) बनाम श्रीलंका, दिल्ली 2023


ऑस्ट्रेलिया (हेड, मार्श, ग्रीन) बनाम दक्षिण अफ्रीका, मैके, 2025

155 रन पर ढेर हुई साउथ अफ्रीका की टीम

विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम महज 24.5 ओवरों में 155 रन पर सिमट गई. टीम ने 11 के स्कोर पर एडेन मार्करम का विकेट गंवा दिया था। मार्करम महज 2 रन बनाकर आउट हुए, इसके बाद साउथ अफ्रीका ने 8.1 ओवरों के खेल तक महज 50 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए यहां से टोनी डी जॉर्जी ने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ पांचवें विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन जॉर्जी (33) का विकेट गिरते ही एक बार फिर विकेटों का पतझड़ लग गया. ब्रेविस ने 28 गेंदों में पांच छक्कों और 2 चौकों की मदद से 49 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत के करीब नहीं ला सके.

कूपर कोनोली ने खोला ‘पंजा’

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कूपर कोनोली ने सर्वाधिक 5 शिकार किए, जबकि जेवियर बार्टलेट और सीन एबॉट को दो-दो सफलताएं हाथ लगी. एक विकेट एडम जांपा के नाम रहा. कूपर कोनोली माइकल क्लार्क के बाद फाइव विकेट हॉल लेने वाले दूसरे बाएं हाथ के ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर भी बने हैं. क्लार्क ने श्रीलंका के खिलाफ 2004 में दांबुला में 35 रन देकर पांच विकेट लिए थे. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में पांच विकेट लेने वाले वह पहले ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर हैं.