- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Travis head shines Australia beat england by 49 runs from DLS method and clinch the series 3-2
ENG VS AUS: बेन डकेट की सेंचुरी 'बेकार', हेड के ऑलराउंड प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज पर किया कब्जा
इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 310 रन का लक्ष्य रखा था, ऑस्ट्रेलिया ने 20.4 ओवर में दो विकेट पर 165 रन बनाए थे, तभी बारिश की वजह से खेल को रोकना पड़ा.
Published On Sep 30, 2024, 08:41 AM IST
Last UpdatedSep 30, 2024, 08:41 AM IST
(Image credit- X)
ENG VS AUS 5th ODI: बेन डकेट की सेंचुरी (91 गेंद में 107 रन) के बावजूद इंग्लैंड की टीम को पांचवें वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के हाथों डकबर्थ लुईस नियम से हार का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की वनडे सीरीज पर 3-2 से कब्जा कर लिया.
इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 310 रन का लक्ष्य रखा था, ऑस्ट्रेलिया ने 20.4 ओवर में दो विकेट पर 165 रन बनाए थे, तभी बारिश की वजह से खेल को रोकना पड़ा. डकबर्थ लुईस नियम से ऑस्ट्रेलिया को विजेता घोषित किया गया. ऑस्ट्रेलिया की जीत के हीरो रहे ट्रेविस हेड, जिन्होंने पहले गेंदबाजी में चार विकेट चटकाए, उसके बाद बल्लेबाजी में भी 31 रन की पारी खेली. ट्रेविस हेड को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी दिया गया.
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर चुनी थी गेंदबाजी
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पांचवें वनडे मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था. ओपनर फिल साल्ट और बेन डकेट के बीच सात ओवर में 58 रन की साझेदारी हुई. हार्डी ने इस साझेदारी को तोड़ा, साल्ट 27 गेंद में 45 रन बनाकर आउट हुए. विल जैक्स बिना खाता खोले हार्डी का दूसरा शिकार बने. इसके बाद बेन डकेट और हैरी ब्रूक ने इंग्लैंड की पारी को संभाला.
बेन डकेट ने जड़ा शतक, हैरी ब्रूक का अर्धशतक
बेन डकेट ने शानदार बल्लेबाजी की और वनडे करियर का दूसरा शतक जड़ा. बेन डकेट ने 91 गेंद में 107 रन की पारी खेली, इस पारी में उन्होंने 13 चौके और दो छक्के लगाए. कप्तान हैरी ब्रूक ने भी उनका अच्छा साथ निभाया, हैरी ब्रूक ने भी वनडे करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया. ब्रूक ने 52 गेंद में 72 रन (03 चौके, 07 छक्के) की पारी खेली. हालांकि इसके बाद आदिल रशीद नाबाद 36 रन (35 गेंद) कोई और बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. ट्रेविस हेड ने 6.2 ओवर में 28 रन देकर चार विकेट चटकाए. हार्डी, जंपा और मैक्सवेल को दो- दो सफलता मिली. इंग्लैंड की टीम 49.2 ओवर में 309 रन पर सिमट गई.
डकबर्थ लुईस नियम से जीता ऑस्ट्रेलिया
310 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने मैथ्यू शॉर्ट और ट्रेविस हेड की विस्फोटक पारी से अच्छी शुरुआत की. दोनों बल्लेबाजों के बीच 7.1 ओवर में 78 रन की साझेदारी हुई. ट्रेविस हेड ने 26 गेंद में 31 रन (चार चौके, दो छक्के) बनाए, वहीं मैथ्यू शॉर्ट ने अर्धशतक जड़ा और 30 गेंद में 58 रन (सात चौके, चार छक्के) बनाकर पवेलियन लौटे. स्टीव स्मिथ (36 रन नाबाद) और जोश इंग्लिश (28 रन नाबाद) ने मिलकर 20.4 ओवर में दो विकेट पर 165 रन बनाए थे, इसके बाद बारिश की वजह से खेल नहीं हो सका.
पांच मैचों की वनडे सीरीज के पहले दो मैच में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली थी, मगर तीसरे और चौथे वनडे मैच में जीत दर्ज कर इंग्लैंड ने वापसी की थी. सीरीज के पांचवें मैच में ऑस्ट्रेलिया को डकबर्थ लुईस नियम से 49 रन से जीत मिली और ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज पर 3-2 से कब्जा कर लिया.