कैमरामैन के सिर पर लगा बोल्ट का सिक्स, राशिद की बात ने जीत लिया दिल
ट्रेंट बोल्ट के बल्ले से निकला शॉट जाकर कैमरामैन को लगा. और इसके बाद राशिद खान ने जो किया उसने सभी का दिल जीत लिया.
Published On May 06, 2023, 09:55 AM IST
Last UpdatedMay 06, 2023, 09:55 AM IST
rashid-khan
जयपुर: इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच शुक्रवार को हुए मुकाबले में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना देखने को मिली. जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर हुए इस मुकाबले में ट्रेंट बोल्ट के बल्ले से निकला एक सिक्स कैमरामैन के जाकर लगा.
राजस्थान रॉयल्स की पारी के 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर बोल्ट ने यह सिक्स लगाया. अफगानिस्तान के स्पिनर नूर की गेंद पर बोल्ट ने डीप मिडविकेट पर बड़ा सा शॉट खेला. गेंद तेजी से बाउंड्री के पार गई. वहां खड़े कैमरामैन के सिर पर वह गेंद तेजी से लगी. कैमरामैन वहीं गिर गया.
इसके बाद जो हुआ उसके लिए गुजरात टाइटंस के उपकप्तान और अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान की तारफी की जानी चाहिए. राशिद खान ने बाउंड्री लाइन के पार जाकर उस कैमरामैन से मुलाकात की. और जाकर उनका हालचाल पूछा. राशिद की इस बात के लिए खूब तारीफ हो रही है. मैच के बीच से राशिद का जाकर हाल पूछने की फैंस खूब तारीफ कर रहे हैं.
इस बीच एक और वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें गुजरात टाइटंस के हेड कोच आशीष नेहरा भी चोटिल कैमरामैन का हाल पूछ रहे हैं और उनकी मदद कर रहे हैं.
— IPLT20 Fan (@FanIplt20) May 5, 2023
मैच की बात करें तो राशिद ने गुजरात के लिए कमाल की गेंदबाजी की. उन्होंने अपने चार ओवरों में 14 रन देकर तीन विकेट लिए. राशिद ने रविचंद्रन अश्विन, रियाग पराग और शिमरॉन हेटमायर के विकेट लिए. अफगानिस्तान के ही दूसरे स्पिनर नूर अहमद ने उन्हें पूरा सपॉर्ट किया और 3 ओवरों में 25 रन देकर तीन विकेट लिए. नूर ने देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल को पविलियन भेजा.
Great gesture this from @rashidkhan_19 ???#TATAIPL | #RRvGT pic.twitter.com/zWiTjvhqoF
— IndianPremierLeague (@IPL) May 5, 2023
राजस्थान रॉयल्स की ओर से संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 20 गेंद पर 30 रन बनाए. वहीं कोई अन्य बल्लेबाज 15 रन भी नहीं बना पाया. मोहम्मद शमी, कप्तान हार्दिक पंड्या और जोशुआ लिटिल ने एक-एक विकेट लिया.
गुजरात ने अच्छी शुरुआत की. शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा ने तेज शुरुआत की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े. इसके बाद 14वें ओवर में ही गुजरात ने 119 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया. गुजरात अंक-तालिका में नंबर वन की पोजिशन को मजबूत कर चुका है.