×

IPL 2024: बोल्ट- चहल की घातक गेंदबाजी, RR ने लगाई जीत की 'हैट्रिक', मुंबई इंडियस की लगातार तीसरी हार

Rajasthan Royals beat Mumbai Indians: मुंबई इंडियंस ने राजस्थान के गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी के आगे 20 ओवर में नौ विकेट पर 125 रन बनाए. राजस्थान की टीम ने रियान पराग के अर्धशतक (54 रन नाबाद) से लक्ष्य को 15.3 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - April 1, 2024 11:53 PM IST

मुंबई. ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल की घातक गेंदबाजी के बाद रियान पराग के नाबाद अर्धशतक से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2024 में जीत की हैट्रिक लगाई है. सोमवार को खेले गए मैच में राजस्थान ने मुंबई को उसके घर में छह विकेट से मात दी. मुंबई की इस सीजन यह लगातार तीसरी हार है. अपने घर पर मुंबई को हार का सामना करना पड़ा है. आरसीबी के बाद अपने घर में हार का सामना करने वाली मुंबई इंडियंस दूसरी टीम है.

राजस्थान की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया, पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने राजस्थान के गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी के आगे 20 ओवर में नौ विकेट पर 125 रन ही बना सकी. हार्दिक पांड्या ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए. तिलक वर्मा ने 32 रन का योगदान दिया. ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल को तीन-तीन सफलता मिली, दो विकेट नांद्रे बर्गर के नाम रहा. राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 126 रन का लक्ष्य था, राजस्थान की टीम ने रियान पराग के अर्धशतक (54 रन नाबाद) से लक्ष्य को 15.3 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया. राजस्थान की टीम ने लगातार तीन जीत के साथ प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर जगह बना ली है. ट्रेंट बोल्ट को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.

बोल्ट और चहल की गेंदबाजी से मुंबई इंडियंस पस्त

टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही. बोल्ट ने पहले ओवर की अंतिम दो गेंद पर रोहित शर्मा (00) और नमन धीर (00) को पवेलियन भेजा, रोहित ने विकेटकीपर सैमसन को कैच थमाया जबकि नमन अंदर आती गेंद पर पगबाधा हुए. मुंबई को पहले ओवर के बाद ही नमन की जगह डेवाल्ड ब्रेविस (00) को इंपेक्ट प्लेयर के रूप में उतारना पड़ा लेकिन वह बोल्ट की अपनी पहली ही गेंद पर बर्गर को कैच दे बैठे. इशान ने बर्गर पर चौका जड़ा लेकिन वह भी अगली गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे जिससे स्कोर चार विकेट पर 20 रन हो गया. इशान 16 रन बनाकर आउट हुए.

हालांकि इसके बाद हार्दिक पांड्या (34) और तिलक वर्मा (32) ने मुंबई की पारी को संभालने की कोशिश की. मगर चहल ने हार्दिक का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ा. हार्दिक ने 21 गेंद में छह चौकों की मदद से 34 रन बनाए. आवेश ने पीयूष चावला (03) को आउट किया जबकि तिलक वर्मा भी चहल की गेंद पर अश्विन को कैच दे बैठे जिससे मुंबई का स्कोर सात विकेट पर 95 रन हो गया. मुंबई के रनों का शतक 15वें ओवर में पूरा हुआ. गेराल्ड कोएट्जी (04) चहल का तीसरा शिकार बने, वहीं टिम डेविड बर्गर पर दूसरा शिकार बने. मुंबई की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 125 रन ही बना सकी.

रियान पराग के अर्धशतक से रॉयल्स की जीत

लक्ष्य का पीछा करने उतरे रॉयल्स ने पहले ओवर में ही यशस्वी जायसवाल (10) का विकेट गंवा दिया, जायसवाल ने क्वेना मफाका पर लगातार दो चौके मारे लेकिन फिर इसी ओवर में कवर में डेविड को कैच दे बैठे. सैमसन (12) आकाश मधवाल का शिकार बने. मधवाल ने बटलर को डीप फाइन लेग पर पीयूष चावला के हाथों कैच कराके रॉयल्स को तीसरा झटका दिया, उन्होंने 13 रन बनाए. रॉयल्स ने एक बार फिर रविचंद्रन अश्विन (16) को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा. रॉयल्स ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 73 रन बनाए थे. अश्विन ने कोएट्जी पर चौका जड़ा लेकिन मधवाल की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर वर्मा को कैच दे बैठे.

पराग ने बुमराह पर चौके के साथ 14वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया और फिर चावला पर छक्के के साथ रॉयलस को जीत के करीब पहुंचाया. रॉयल्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए सिर्फ 15 रन की दरकार थी. पराग ने अगली तीन गेंद पर कोएट्जी पर लगातार दो छक्कों और एक चौके के साथ 38 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और टीम को जीत दिलाई, शुभम दुबे आठ रन बनाकर नाबाद रहे.