- Home
- News
- Tushar Deshpande Jofra Archer shines in Last two overs Rajasthan Royals beat Gujarat Titans by six runs in thriller match in IPL 2026
IPL 2026: आखिरी दो ओवर में आर्चर- देशपांडे ने पलटी बाजी, सांस रोक देने वाले मैच में जीता राजस्थान
राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 210 रन बनाए, गुजरात टाइटंस की टीम इसके जवाब में 20 ओवर में आठ विकेट पर 204 रन ही बना सकी.
Published On Apr 04, 2026, 11:44 PM IST
Last UpdatedApr 04, 2026, 11:44 PM IST
RR Win
GT VS RR: आखिरी दो ओवर में जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने कमाल की गेंदबाजी की, जिससे राजस्थान रॉयल्स ने सांस रोक देने वाले मुकाबले में आईपीएल 2026 में शनिवार को खेले गए में गुजरात टाइटंस को छह रन से हरा दिया. राजस्थान रॉयल्स की इस सीजन यह लगातार दूसरी जीत है वही गुजरात की टीम को लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है.
राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 210 रन बनाए. ध्रुव जुरेल ने 42 बॉल में 75 रन की विस्फोटक पारी खेली. यशस्वी जायसवाल ने 55 रन (36 बॉल) बनाए. वैभव सूर्यवंशी ने 18 बॉल में 31 रन का योगदान दिया. गुजरात टाइटंस की टीम इसके जवाब में 20 ओवर में आठ विकेट पर 204 रन ही बना सकी.
आखिरी दो ओवर में गुजरात टाइटंस को जीत के लिए 15 रन बनाने थे. 19वें ओवर में आर्चर ने सिर्फ चार दिए. वहीं आखिरी ओवर में तुषार देशपांडे ने सिर्फ चार रन देकर राशिद खान का अहम विकेट लिया. मैच में चार विकेट लेने वाले रवि बिश्नोई को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
आखिरी ओवर में तुषार देशपांडे ने किया कमाल
211 रन के टारगेट का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम ने एक समय सात विकेट 161 रन पर गिर गए थे लेकिन कैगिसो रबाडा (नाबाद 23) और कार्यवाहक कप्तान राशिद खान (24) टीम को जीत के करीब ले गए. आखिरी ओवर में गुजरात को जीत के लिए 11 रन की ही जरूरत थी, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने नांद्रे बर्गर की बजाय तुषार देशपांडे को गेंद सौंपकर सभी को चौंका दिया. गेंदबाज ने हालांकि अपने कप्तान के भरोसे पर खरे उतरते हुए पहली वाइड गेंद के अलावा सभी सटीक गेंदें डाली, इस ओवर में चार रन ही बन सके और छक्का लगाने के प्रयास में राशिद खान जोफ्रा आर्चर को कैच दे बैठे.
इससे पहले आर्चर ने 19वें ओवर में सिर्फ चार रन ही दिए थे, जब गुजरात की टीम को 12 बॉल में सिर्फ 15 रन बनाने की जरुरत थी.
साई सुदर्शन का अर्धशतक भी काम नहीं आया
मांसपेशी में ऐंठन के कारण इस मैच से बाहर शुभमन गिल की जगह खेलने वाले कुमार कुशाग्र ने 14 गेंद में 18 रन बनाए. उन्होंने सुदर्शन (44 गेंद में 73 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 78 रन जोड़े. सुदर्शन ने अपनी पारी में तीन छक्के और नौ चौके लगाए. गुजरात का स्कोर सुदर्शन के आउट होने से पहले एक विकेट पर 107 रन था लेकिन अचानक पांच विकेट पर 133 रन और सात विकेट पर 161 रन हो गया. राशिद और रबाडा ने हालांकि वापसी की कोशिश की लेकिन आखिरी दो ओवर में बाजी पलट गई.
जुरेल- जायसवाल के अर्धशतक से राजस्थान ने बनाए थे 210 रन
इससे पहले जुरेल के 42 गेंद में 75 रन और जायसवाल के अर्धशतक की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने छह विकेट पर 210 रन बनाए. जायसवाल ने 36 गेंद में 55 रन बनाए, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंद में 31 रन की पारी खेली. जायसवाल- सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिये सिर्फ 6.2 ओवर में 70 रन बना डाले. जुरेल ने तीसरे नंबर पर उम्दा बल्लेबाजी करते हुए 150 से ऊपर की स्ट्राइक रेट के बावजूद बेहतरीन क्रिकेट शॉट्स खेले, उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और पांच छक्के लगाए. सूर्यवंशी को राशिद ने आउट किया जिसके बाद जुरेल और जायसवाल ने दूसरे विकेट के लिये 56 रन जोड़े.
गुजरात टाइटंस के लिये अपना दूसरा आईपीएल मैच खेल रहे अशोक शर्मा ने चार ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिया. उन्होंने लगातार 145 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी की और 154. 2 किमी प्रति घंटा की गति से भी गेंद डाली. जुरेल ने राशिद को डीप मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा.
सूर्यवंशी-जायसवाल की जोड़ी ने की 500 प्लस रन की साझेदारी
सूर्यवंशी और जायसवाल पिछले सत्र से ही आईपीएल में पारी की शुरूआत साथ कर रहे हैं लेकिन आईपीएल के इतिहास में 500 से अधिक रन की साझेदारी करने वाली 113 जोड़ियों में से इन दोनों की रन बनाने की गति 12 . 04 प्रति ओवर है. ये सूची में ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा (12.57) और सुनील नारायण और फिल साल्ट ( 12 . 46) से ही पीछे हैं ।
गुजरात के तेज गेंदबाजों मोहम्मद सिराज, कैगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक को पिच से अतिरिक्त उछाल और रफ्तार मिली जिससे पावरप्ले में शॉट लगाना आसान हो गया क्योंकि बल्लेबाजों ने उसी गति का इस्तेमाल किया.