×

AUS VS ENG: दो दिन में गिरे 36 विकेट, 142 ओवर में आया नतीजा, जानें कितना हुआ नुकसान ?

एशेज सीरीज का पहला टेस्ट दो ही दिन में ख़त्म हो गया था, वहां भी ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड को भारी नुकसान झेलना पड़ा था.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 27, 2025 2:54 PM IST

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला गया चौथा टेस्ट मैच दूसरे दिन ही समाप्त हो गया. इस मैच में पहले दिन 20 और दूसरे दिन 16 विकेट गिरे. 142 ओवर में ही टेस्ट मैच का नतीजा निकल आया. टेस्ट मैच जल्दी खत्म होने की वजह से ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड को भारी नुकसान हुआ है.

मुकाबला जल्दी खत्म होना कई लोगों के लिए मुश्किल पैदा करता है. ब्रॉडकास्टर्स से लेकर बोर्ड तक को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है. इसके अलावा टिकट बिक्री, पार्टनर्स और स्पॉन्सर्स सभी पर इसका सीधा असर होता है. एशेज सीरीज का पहला टेस्ट दो ही दिन में ख़त्म हो गया था, वहां भी क्रिकेट बोर्ड को भारी नुकसान झेलना पड़ा था.

आर्थिक नुकसान

टेस्ट मैच पांच दिन का प्लान होता है, टिकट उसी हिसाब से बिकते हैं. अगर मैच जल्दी खत्म होता है, तो बोर्ड को बाद के दिनों के टिकटों का रिफंड देना पड़ता है. मेलबर्न टेस्ट के पहले दिन लगभग एक लाख दर्शक पहुंचे थे. ऑस्ट्रेलिया में यह छुट्टियों का समय है और पांच दिन के टेस्ट के लगभग सारे टिकट बिक चुके थे. ऐसे में मेलबर्न टेस्ट के दो दिन में खत्म होने के बाद करोड़ों का नुकसान हो सकता है.

स्पॉन्सर को घाटा

टेस्ट मैच के दौरान स्पॉन्सर्स को ज्यादा एक्सपोजर की उम्मीद होती है. कम दिन का मतलब कम वैल्यू. कुल मिलाकर बोर्ड को करोड़ों का डायरेक्ट नुकसान, जहां दर्शकों की संख्या लाखों में थी.

टीवी/ब्रॉडकास्ट रेवेन्यू का नुकसान

ब्रॉडकास्ट राइट्स बहुत महंगे होते हैं और यह दिन के आधार पर तय किए जाते हैं. पांच दिन का टेस्ट मैच अगर दो दिन में खत्म हो रहा है, तो रेवेन्यू का भारी नुकसान होता है. कम दिन का मतलब कम विज्ञापन स्लॉट्स, कम व्यूअरशिप टाइम, कम रेटिंग्स. मैच में दो दिन में खत्म होने से इंडिया में Jiostar जैसे ब्रॉडकास्टर्स को बड़ा झटका लगा है.

इसके अलावा दर्शकों को भी नुकसान झेलना पड़ता है. जो लोग चौथे और पांचवें दिन के लिए टिकट खरीदते हैं, वे मैच नहीं देख पाते, कई बार उन्हें फुल रिफंड मिलता है, मगर उन्हें ट्रैवल, होटल, छुट्टी आदि का खर्च का नुकसान होता है. टेस्ट मैच जल्दी खत्म होने से कमर्शियल वैल्यू घटती है. बोर्ड और ब्रॉडकास्टर्स इससे सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं.

पिच को लेकर उठे सवाल

केविन पीटरसन और दिनेश कार्तिक ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन गेंदबाजों के लिए बेहद अनुकूल मेलबर्न की पिच पर 20 विकेट गिरने के बाद तंज कसा कि जब स्पिनरों को अधिक विकेट मिलते हैं तो भारतीय पिचों की जानबूझकर कड़ी आलोचना की जाती है. पीटरसन ने एक्स पर लिखा, भारत में जब टेस्ट मैच के पहले दिन कई विकेट गिरते हैं तो भारत को हमेशा कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ता है, इसलिए मुझे उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया को भी उसी तरह की आलोचना का सामना करना पड़ेगा, न्याय सबके लिए समान होना चाहिए.

TRENDING NOW

पूर्व भारतीय बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कहा, एमसीजी की पिच साधारण नजर आ रही है, यकीन नहीं होता कि चार एशेज टेस्ट में से दो टेस्ट केवल दो दिन में खत्म हो गए, इतनी चर्चा के बावजूद चार एशेज टेस्ट सिर्फ 13 दिन में पूरे हो गए.