आकाश चोपड़ा ने माना, एक साल में 2 IPL का होना 100% तय
भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने IPL के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया था जिस पर अब आकाश चोपड़ा ने अपनी सहमति जताई है।
Published On Jun 06, 2022, 03:47 PM IST
Last UpdatedJun 06, 2022, 03:47 PM IST
Facebook/Aakash Chopra
इसमें कोई शक नहीं है कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) दुनिया की सबसे मशहूर क्रिकेट लीग है। भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के खिलाड़ी IPL में खेलते हैं और यही वजह है कि इस लीग के चाहने वाले देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में मौजूद हैं। हाल ही में भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने IPL के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया था। शास्त्री ने कहा था कि आने वाले समय में एक साल में दो IPL का आयोजन किया जा सकता है। इस पर अब आकाश चोपड़ा का बयान आया है जिसमें उन्होंने रवि शास्त्री की बात पर सहमति जताई है।
आकाश चोपड़ा ने IPL के भविष्य के बारे में अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “एक साल में 2 IPL होंगे। ऐसा अभी नहीं होगा लेकिन बाद में होगा। इसकी जरुरत है या नहीं, ये मैटर नहीं करता है। ये होगा कि नहीं होगा, ये बड़ा सवाल है। अभी नहीं होगा, अगले 5 साल में नहीं होगा लेकिन उससे अगले 5 साल में हो जाएगा। ये होना 100 प्रतिशत तय है कि एक बड़ा IPL होगा जिसमें 94 मैच होंगे। इसके बाद एक एक छोटा IPL जो 1 महीने में खत्म हो जाएगा, जिसमें सभी टीमें एक दूसरे के खिलाफ 1-1 ही मैच खेलेंगी।”
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा, “मार्केट की मांग के हिसाब से ये करना ही पड़ेगा। जब IPL शुरु हुआ था तो किसी ने नहीं सोचा था कि 8 टीम वाला टूर्नामेंट कैसा चलेगा। उसके बाद 10 टीमें हुई। पहले 60 मैच होते थे और इस बार 74 मैच हुए। 2 साल के बाद 94 मैच का IPL होगा। ये एक सामान्य प्रोसेस है और अब IPL बड़ा होना ही है।”
IPL के बड़ा होने से इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर का प्रभावित होना तय है जिससे वनडे और T20I सीरीज में कमी आ सकती है। इस संभावना पर आकाश ने कहा, “वनडे क्रिकेट में कई देशों वाले टूर्नामेंट आयोजित किए जाने चाहिए। वनडे में द्विपक्षीय सीरीज मेरे हिसाब से बहुत बोरिंग हैं। मुझे T20 और टेस्ट सबसे फॉर्मेट लगते हैं। वनडे में मल्टी नेशन टूर्नामेंट का आयोजन किया जा सकता है।”
गौरतलब है कि पिछले एक दशक में पूरी दुनिया में T20 लीग का फैलाव बहुत तेजी से बढ़ा है। IPL के अलावा ऑस्ट्रेलिया की BBL, कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL), पाकिस्तान की PSL और बांग्लादेश की BPL काफी लोकप्रिय T20 लीग हैं जिनमें भारत को छोड़कर पूरी दुनिया के क्रिकेटर शिरकत करते हैं।