तो क्या उमरान को करना पड़ सकता है इंतजार, द्रविड़ की बातों से तो ऐसा ही लगता है
राहुल द्रविड़ की बातों से तो ऐसा ही लग रहा है कि उमरान मलिक को अपने टी20 डेब्यू के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
Published On Jun 08, 2022, 08:21 AM IST
Last UpdatedJun 08, 2022, 08:21 AM IST
नई दिल्ली: भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने हमेशा निरंतरता पर भरोसा किया है और उन्होंने मंगलवार को साफ संकेत दिए कि तेज गेंदबाज उमरान मलिक (Umran Malik) को अपनी बारी आने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
द्रविड़ भारत और दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) के बीच गुरुवार से शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 सीरीज से पहले बोल रहे थे।
इसे भी पढ़ें: उमरान मलिक को मोहम्मद अजहरूद्दीन की सलाह, सिर्फ पेस का मत सोचो शरीर पर भी दो ध्यान
उन्होंने उमरान के बारे में पूछे जाने पर कहा, हमें देखना होगा कि उसे खेलने का कितना समय दे सकते हैं। हमारे पास बड़ी टीम है और हर कोई अंतिम एकादश में नहीं हो सकता।’
उन्होंने कहा, ‘मुझे निरंतरता पसंद है और मैं लोगों को समय देने में विश्वास करता हूं। अर्शदीप ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और वह भी उम्दा खिलाड़ी है।’
द्रविड़ ने कहा, ‘हमारे पास हर्षल, भुवी और आवेश के रूप में थोड़े अनुभवी खिलाड़ी भी है जो पिछली सीरीज खेले थे। युवा खिलाड़ियों का भी होना अच्छी बात है जिससे पूल बड़ा होता है। देखते हैं कि वे क्या कर सकते हैं।’
उन्होंने उमरान की तारीफ करते हुए कहा, ‘वह काफी तेज गेंदबाजी करता है। आईपीएल में भारतीय गेंदबाजों को इतनी तेज गेंदबाजी करते देखकर अच्छा लगा। वह जितना अधिक खेलेगा, उतना निखरेगा। मैं चाहूंगा कि वह टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करे।’
(एजेंसी- भाषा)