- क्रिकेट न्यूज़
- News
- USA historic T20I series win over Bangladesh ahead of T20 World cup 2024
टी-20 विश्व कप से पहले बांग्लादेश की घनघोर बेइज्जती, अमेरिका ने टी-20 सीरीज जीतकर रचा इतिहास
अमेरिका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 144 रन बनाए थे, मगर बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवर में 138 रन पर ढेर हो गई. पाकिस्तानी मूल के गेंदबाज अली खान ने तीन विकेट चटकाए.
Published On May 24, 2024, 02:18 PM IST
Last UpdatedMay 24, 2024, 02:18 PM IST
(Image credit- Fancode)
ह्यूस्टन. अली खान के आखिरी दो ओवरों में तीन विकेट की मदद से अमेरिका ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में बांग्लादेश को छह रन से हराकर आईसीसी के पूर्णकालिक सदस्य देश के खिलाफ सीरीज में ऐतिहासिक जीत दर्ज की. पहले टी20 में पांच विकेट से जीत दर्ज करने के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत अमेरिका ने दूसरा मैच भी जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की विजयी बढत बना ली. टी-20 वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश की टीम की यह शर्मनाक हार है.
यह सीरीज अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारी के लिये अहम है. अली खान ने आखिरी दो ओवरों में तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई, उन्होंने 25 रन देकर तीन विकेट लिए.
पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर अमेरिका ने शानदार शुरूआत की, स्टीवन टेलर ने 28 गेंद में 31 और कप्तान मोनांक पटेल ने 38 गेंद में 42 रन बनाए. अमेरिका ने छह विकेट पर 144 का स्कोर बनाया. जवाब में बांग्लादेश की टीम 19 . 3 ओवर में 138 रन पर आउट हो गई. पारी की चौथी गेंद पर सौरभ नेत्रवलकर ने सौम्या सरकार को आउट किया, नेत्रवलकर ने तीन ओवर में 15 रन देकर दो विकेट लिए.
अमेरिका ने जीत के साथ रचा इतिहास
बांग्लादेश ने नौ ओवर बाकी रहते तीन विकेट पर 78 रन बना लिये थे लेकिन इसके बाद खान ने बेहतरीन गेंदबाजी करके अमेरिका को जीत तक पहुंचाया. अमेरिका ने आईसीसी के पूर्णकालिक सदस्य देश के खिलाफ पहली बार टी-20 सीरीज में जीत हासिल की है. इससे पहले आयरलैंड के खिलाफ अमेरिका ने 1-1 से ड्रॉ खेला था.
टी-20 विश्व कप में भारत के ग्रुप में है अमेरिका
अमेरिका की टीम टी-20 विश्व कप में भारत के ग्रुप में है. भारतीय टीम 12 जून को अमेरिका के खिलाफ अपना मैच खेलेगी. इस ग्रुप में पाकिस्तान, आयरलैंड और कनाडा की टीम भी शामिल है.