×

उस्मान ख्वाजा में घुसी क्रिस गेल की 'आत्मा', अकेले ही विरोधी टीम को नाच नचा दिया

टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद बिग बैश लीग खेलने पहुंचे उस्मान ख्वाजा ने चौके और छक्के की बरसात कर दी और अपनी टीम को जीत भी दिलाई.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 10, 2026 2:18 PM IST

टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद उस्मान ख्वाजा बिग बैश लीग खेलने पहुंचे, जहां उन्होंने इस सीजन के पहले ही मैच में आक्रामक अंदाज दिखाया. उन्होंने 162.50 की स्ट्राइक रेट से रन बटोरे. अपनी पारी में उन्होंने जमकर चौके-छक्के लगाए और टीम को जीत भी दिलाई.

ब्रिस्बेन हीट के कप्तान उस्मान ख्वाजा एशेज सीरीज का हिस्सा थे. सिडनी टेस्ट खत्म होने के बाद शनिवार को उन्होंने सिडनी थंडर के खिलाफ अपना मैच खेला. इस मैच में कप्तान उस्मान ख्वाजा ने चौके और छक्के की बरसात कर दी. उस्मान ख्वाजा ने 48 बॉल में 78 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने सात चौके और तीन छक्के लगाए.

उस्मान ख्वाजा ने जैक विल्दरमुथ (15 बॉल में 39 रन) के साथ 3.5 ओवर में 57 रन की ओपनिंग साझेदारी की और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. ख्वाजा को 17 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला था, मगर उसके बाद वह संभलकर बल्लेबाजी करते नजर आए. उन्होंने 30 बॉल में अपना अर्धशतक पूरा किया.

डेविड वॉर्नर की पारी हुई बेकार

सिडनी थंडर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डेविड वॉर्नर के 56 बॉल में 82 रन की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 180 रन बनाए. सैम बिलिंग्स ने 34 रन बनाए. ब्रिस्बेन हीट ने 181 रन के टारगेट को 16.2 ओवर में हासिल कर लिया. उस्मान ख्वाजा के अलावा मैट रैनशॉ ने 26 बॉल में 42 रन (चार चौके, एक छक्का) की विस्फोटक पारी खेली.

TRENDING NOW

उस्मान ख्वाजा का बिग बैश लीग में कैसा है रिकॉर्ड

उस्मान ख्वाजा का बिग बैश लीग में शानदार रिकॉर्ड है. ख्वाजा ने अब तक 71 बिग बैश लीग मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 2210 रन बनाए हैं. बिग बैश लीग में उस्मान ख्वाजा के नाम दो शतक और 13 अर्धशतक है. वह ऑस्ट्रेलिया के लिए भी नौ टी-20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम 241 रन है.