अब तक जमीन नहीं मिली... ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर मांगी मदद, जानिए पूरा मामला

मुख्यमंत्री ने पंत की तारीफ करते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया, इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि विकेटकीपर बल्लेबाज की हरसंभव मदद की जाएगी.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Aug 08, 2026, 12:30 PM IST

Published On Aug 08, 2026, 12:30 PM IST

Last UpdatedAug 08, 2026, 12:30 PM IST

Rishabh pant

Rishabh pant

टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन खरीदने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है. ऋषभ पंत का कहना है कि वह लंबे समय से उत्तराखंड में जमीन खरीदने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि वह दिल्ली से अपने मूल स्थान पर शिफ्ट हो सकें. पंत की इस पोस्ट पर सीएम ने भी रिएक्ट किया है.

पंत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हेलो, पुष्कर सिंह धामी सर, आप कैसे हैं? उत्तराखंड का मूल निवासी होने के नाते, मुझे यहां आए हुए काफी समय हो गया है, मैं दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन रहने के लिए कोई अच्छी और बड़ी जगह नहीं मिल पा रही है, मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है, मेरी आपसे विनम्र विनती है कि जमीन खरीदने में मेरी मदद करें, क्योंकि आजकल साफ-सुथरी जमीन मिलना बहुत मुश्किल हो गया है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इस मामले पर ध्यान दें, तीन साल हो गए हैं: पंत

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने आगे कहा, इसके अलावा, एक जमीन का मामला भी अटका हुआ है जो मुझे तब मिलनी चाहिए थी जब मैं राज्य का प्रचार-प्रसार कर रहा था, सब कुछ छोड़कर मैं अपने मूल स्थान पर वापस आकर उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहता हूं और अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहता हूं, कृपया इस मामले पर ध्यान दें, तीन साल हो गए हैं और अभी तक कोई जमीन नहीं मिली है, आपके जवाब का इंतजार रहेगा.

सीएम धामी ने दिया पंत की अपील का जवाब

भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की तरफ से उत्तराखंड में जमीन खरीदने को लेकर लगाई गई गुहार का जवाब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिया है. मुख्यमंत्री ने पंत की तारीफ करते हुए उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताया, इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि विकेटकीपर बल्लेबाज की हरसंभव मदद की जाएगी.

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने पंत की गुहार का जवाब देते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ऋषभ, आप उत्तराखंड के गौरव हैं, आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है, अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है, आपकी तरफ से उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है, वे शीघ्र ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे.

उत्तराखंड के रुड़की में हुआ था पंत का जन्म

बता दें कि ऋषभ पंत का जन्म उत्तराखंड के रुड़की में हुआ था और वह क्रिकेट खेलने के लिए दिल्ली आ गए थे. पंत फिलहाल श्रीलंका में भारतीय टीम के साथ मौजूद है. भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से खेली जानी है. पंत पिछले काफी समय से फॉर्म और अपनी खराब फिटनेस से जूझते नजर आए हैं. ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज में वह दमदार प्रदर्शन जरूर करना चाहेंगे. पंत भारत की वनडे और टी20 टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे हैं, उन्होंने अपना आखिरी वनडे मुकाबला 7 अगस्त, 2024 को खेला था, जबकि अंतिम टी20 मैच पंत ने 28 जुलाई, 2024 को श्रीलंका के खिलाफ ही खेला था.

Editor's Pick