VIDEO: वैभव अरोड़ा ने एक ओवर में चटकाए दो विकेट, मार्श- मारक्रम को भेजा पवेलियन
कोलकाता की टीम ने लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 181 रन बनाए.
Published On Apr 09, 2026, 10:15 PM IST
Last UpdatedApr 09, 2026, 10:15 PM IST
Vaibhav Arora double-wicket over: आईपीएल 2026 में गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम आमने-सामने हुई. इस मैच में कोलकाता की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 181 रन बनाए. लखनऊ की टीम ने इसके जवाब में मारक्रम और मार्श की पारी से शानदार शुरुआत की, मगर केकेआर के गेंदबाज वैभव अरोड़ा ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर लखनऊ को बड़ा झटका दिया.
लखनऊ सुपरजायंट्स की पारी के पांचवें ओवर में वैभव अरोड़ा ने पहले एडेन मारक्रम और फिर मिचेल मार्श को अपना शिकार बनाया. पांचवें ओवर की पहली बॉल पर अरोड़ा ने मारक्रम का विकेट हासिल किया. शॉर्ट पिच गेंद, जो मारक्रम के शरीर के दिशा में आई, वह उसे पुल शॉट के जरिए छक्का मारना चाहते थे, मगर गेंद सीधा डीप मिड विकेट में खड़े रोवमेन पॉवेल के हाथ में चली गई. एडेन मारक्रम ने 22 रन की पारी खेली.
इसी ओवर की तीसरी ओवर की वैभव अरोड़ा ने एक और बड़ा विकेट हासिल किया और उन्होंने मार्श को पवेलियन की राह दिखाई. मार्श भी शॉर्ट पिच गेंद पर बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया, मगर गेंद दस्तानों पर लगकर सीधा कीपर अंगकृष रघुवंशी के हाथ में चली गई. मार्श ने 15 रन का योगदान दिया.
केकेआर को लखनऊ को दिया 182 रन का टारगेट
मौजूदा सत्र में पहली जीत की तलाश कर रही केकेआर की टीम शुरुआती 10 ओवर में एक विकेट पर 98 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी, कप्तान अजिंक्य रहाणे और शानदार लय में चल रहे अंगकृष रघुवंशी ने 52 गेंदों में 84 रन की साझेदारी की. सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (नौ) के सस्ते में आउट होने के बाद भी टीम 200 के पार जाती दिख रही थी, लेकिन एलएसजी के गेंदबाजों ने स्पिन और सधी हुई तेज गेंदबाजी के मिश्रण से 11वें से 14वें ओवर के बीच पारी का रुख बदल दिया।
रहाणे (24 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से 41 रन) को स्पिनर दिग्वेश राठी ने आउट किया। मोहम्मद शमी ने उनका शानदार कैच लपका, अगले ही ओवर में रघुवंशी (33 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 45 रन) को बाएं हाथ के स्पिनर मणिमारण सिद्धार्थ ने लॉन्ग-ऑन पर कैच कराया. इसके बाद आवेश खान ने दूसरे स्पैल में शानदार वापसी करते हुए रिंकू सिंह (चार) को आउट किया, जिससे केकेआर के बल्लेबाज 30 गेंदों तक बाउंड्री नहीं लगा सके और 15 ओवर में स्कोर चार विकेट पर सिर्फ 115 रन तक ही पहुंच सका.
रोवमैन पॉवेल (24 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 39 रन) और कैमरून ग्रीन (24 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 32 रन) ने उपयोगी पारियां खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. केकेआर ने लखनऊ के सामने जीत के लिए 182 रन का टारगेट रखा है.