- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Vaibhav Sooryavanshi will do well in International cricket says Virat Kohli childhood coach Rajkumar sharma
विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा को वैभव से बड़ी उम्मीदें, कहा टीम इंडिया में भी करेगा कमाल
वैभव सूर्यवंशी के बारे में विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने कहा है कि वह बहुत प्रतिभावान खिलाड़ी हैं. और उम्मीद है कि वह अंतररष्ट्रीय क्रिकेट में भी अच्छा करेंगे.
Published On Jun 26, 2026, 01:42 PM IST
Last UpdatedJun 26, 2026, 01:42 PM IST
विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने वैभव के बारे में क्या कहा
नई दिल्ली: भारत और आयरलैंड के बीच दो टी20 इंटरनेशनल मैचों का पहला मुकाबला शुक्रवार 26 जून को खेला जाएगा. भारतीय दल में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है. अब उन्हें खेलने का मौका मिलेगा या नहीं यह तो टॉस के वक्त पता चलेगा लेकिन सूर्यवंशी से अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं. इस बीच विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा को भी वैभव से बहुत उम्मीदें हैं. वह मानते हैं कि वैभव भारतीय टीम में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे.
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने हाल ही में श्रीलंका में ए टीमों की ट्राएंगुलर सीरीज के फाइनल में कमाल का खेल दिखाया था. श्रीलंका ए के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने 94 रन बनाए थे. सिर्फ 29 गेंदों पर खेली गई पारी में उन्होंने कई दर्शनीय शॉट लगाए थे. वैभव ने सिर्फ 11 गेंद पर अपनी हाफ-सेंचुरी पूरी की थी. यह लिस्ट ए क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज अर्धशतक था. अगर वैभव को इस सीरीज में अपना पहला मैच खेलने का मौका मिलता है तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर होंगे.
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में राजकुमार शर्मा कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं. उन्होंने दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ कमाल की बल्लेबाजी की है. इसकी जितनी तारीफ की जाए वह कम है. मुझे पूरी उम्मीद है कि वह भारतीय टीम में भी बहुत अच्छा करेंगे.’
कुछ फैंस वैभव की तुलना विराट कोहली से करने लगे हैं, लेकिन कोच राजकुमार शर्मा इसे सही नहीं मानते. उन्होंने कहा, ‘मैं विराट कोहली से किसी की तुलना नहीं करता. किसी खिलाड़ी के साथ किसी अन्य खिलाड़ी की तुलना होनी भी नहीं चाहिए. वैभव अभी अपना सफर शुरू ही कर रहे हैं, जबकि विराट को खेलते हुए 18 साल हो गए हैं. ऐसे में तुलना नहीं की जा सकती है. वैभव एक शानदार प्रतिभा हैं. अगर इन्हें अच्छे से तैयार किया गया, तो लंबे समय तक भारतीय टीम में खेल सकते हैं.’
राजकुमार शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी को अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्त्रोत बताते हुए कहा, ‘जब आप वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को अच्छा करते हुए और भारत के लिए खेलते हुए देखते हैं, तो उम्मीदें बढ़ जाती हैं. सभी माता-पिता को लगता है कि हमारा बच्चा भी वहां तक पहुंच सकता है, तो उसके लिए कड़ी मेहनत होती है. वैभव सूर्यवंशी जैसे बच्चे अलग ही होते हैं. वह दूसरे बच्चों के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं.’
भारतीय टीम 26 और 28 जून को आयरलैंड के विरुद्ध बेलफास्ट में दो टी20 मुकाबलों की सीरीज खेलेगी. राजकुमार शर्मा का मानना है कि टीम इंडिया बेहद मजबूत और संतुलित है. उन्होंने कहा, ‘भारत के पास काफी मजबूत और संतुलित टीम है. तीनों ही एरिया में (बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग) में यह बेस्ट है.’