×

वैभव सूर्यवंशी ने रचा एक और इतिहास, भारत ने साउथ अफ्रीका को दी मात

साउथ अफ्रीका अंडर 19 के खिलाफ खेले गए यूथ वनडे सीरीज के पहले मैच को भारत ने डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 25 रन से जीता

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 4, 2026 9:14 AM IST

Vaibhav Suryavanshi creates History: भारत की अंडर-19 टीम ने वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की है. शनिवार को विलोमूर पार्क में साउथ अफ्रीका अंडर 19 के खिलाफ खेले गए यूथ वनडे सीरीज के पहले मैच को भारत ने डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 25 रन से जीता. इस जीत के साथ भारत की अंडर-19 टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. इस मैच में भारत के 14 साल के खिलाड़ी और कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने भी इतिहास रच दिया है.

बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में भारत ने टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करते हुए बेहद खराब शुरुआत की.टीम इंडिया ने 67 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद आरएस अंबरीश और हरवंश पंगालिया ने पांचवें विकेट के लिए 153 गेंदों में 140 रन जुटाते हुए टीम को 204 के स्कोर तक पहुंचा दिया. आरएस अंबरीश 79 गेंदों में 7 चौकों के साथ 65 रन बनाकर आउट हुए. उनके आउट होने के बाद हरवंश पंगालिया ने कनिष्क चौहान के साथ छठे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की.

हरवंश पंगालिया ने खेली 93 रन की पारी

हरवंश पंगालिया ने 95 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 93 रन बनाए,जबकि कनिष्क चौहान ने 23 गेंदों में 32 रन की पारी खेली. इनके अलावा खिलन पटेल ने 12 गेंदों में 26 रन जुटाए. साउथ अफ्रीका के लिए जेजे बासन ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए जबकि बयांडा माजोला,सोनी और मबाथा ने 1-1 विकेट निकाला.

बारिश से पूरा नहीं हो सका खेल

इसके जवाब में साउथ अफ्रीका जब बल्लेबाजी के लिए उतरा तो उनकी पारी में बारिश ने खलल डाला. सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 4.5 ओवरों में 35 रन जुटा लिए थे,लेकिन 62 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए. यहां से जोरिच वान शाल्कविक ने अरमान मनैक के साथ चौथे विकेट के लिए 109 गेंदों में 86 रन की साझेदारी की. साउथ अफ्रीकी टीम 27.4 ओवरों में 4 विकेट खोकर 148 रन बना चुकी थी, लेकिन खराब मौसम के चलते खेल को रोकना पड़ा,जिसके बाद यह दोबारा शुरू नहीं हो सका और भारत को मुकाबले का विजेता घोषित कर दिया गया.भारत की तरफ से दीपेश देवेंद्रन ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए,जबकि खिलन पटेल को एक विकेट हाथ लगा.

सीरीज का दूसरा मुकाबला 5 जनवरी को जबकि तीसरा मैच 7 जनवरी को इसी मैदान पर खेला जाना है.

वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास

वैभव सूर्यवंशी बतौर कप्तान के रूप में अपने पहले मैच में वह 12 गेंदों पर सिर्फ 11 रन ही बना सके, मगर इसके बावजूद उन्होंने इस मैच में उतरते ही इतिहास रच दिया. वह महज 14 साल की उम्र में यूथ वनडे में किसी टीम की कप्तानी करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए. इसके अलावा 16 साल की उम्र से पहले किसी भी फॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय अंडर-19 मैच में किसी टीम का नेतृत्व करने वाले पहले क्रिकेटर भी बने. इससे पहले 15 साल और 141 दिन की उम्र में पाकिस्तान के अहमद शहजाद के नाम कप्तानी करने का रिकॉर्ड था. उन्होंने 2007 में यह कारनामा किया था.

TRENDING NOW

अहमद शहजाद का रिकॉर्ड तोड़ा

वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 14 साल की उम्र में यूथ वनडे जीतने वाले सबसे युवा कप्तान भी बन गए हैं. उन्होंने पाकिस्तान के अहमद शहजाद का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 15 साल और 141 दिन की उम्र में बतौर कप्तान पहले मैच में जीत हासिल की थी. वैभव सूर्यवंशी ने महज 14 साल और 283 दिन की उम्र में बतौर कप्तान पहला मैच जीता है.