add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

अंडर-19 वनडे एशिया कप में भारत की जीत से शुरुआत, वैभव सूर्यवंशी ने कहर बरपा दिया

वैभव सूर्यवंशी की 171 रन की पारी अब युवा वनडे में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 12, 2025 8:01 PM IST

IND VS UAE: वैभव सूर्यवंशी की 95 गेंद में 171 रन की ताबड़तोड़ पारी से भारत ने अंडर-19 वनडे एशिया कप के अपने शुरुआती मैच में शुक्रवार को यहां यूएई को 234 रन के बड़े अंतर से हराया. 14 साल के खिलाड़ी ने 14 छक्के लगाकर अंडर-19 वनडे क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड कायम किया, उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके भी जड़े.

सूर्यवंशी की आतिशी पारी के अलावा विहान मल्होत्रा (55 गेंद में 69) और आरोन जॉर्ज (73 गेंद में 69) की अर्धशतकीय पारियों से भारत ने 50 ओवर में छह विकेट पर रिकॉर्ड 433 रन बनाए. यह अंडर-19 वनडे में भारत का सर्वाधिक स्कोर होने के साथ एशिया कप इतिहास का भी सर्वोच्च स्कोर है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

यूएई की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए कभी भी भारत को टक्कर देने की स्थिति में नहीं दिखी. टीम ने पृथ्वी मधु (50) और उद्धिश सूरी (नाबाद 78) की अर्धशतकीय पारियों से सात विकेट पर 199 रन बनाए.

सूर्यवंशी की 171 रन की पारी अब युवा वनडे में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. यह रिकॉर्ड अंबाती रायुडु के नाम है जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 177 रन बनाये थे, यह अंडर-19 वनडे में नौवा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है.

वैभव सूर्यवंशी ने दिखाए आक्रामक तेवर

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर सूर्यवंशी ने क्रीज पर आते ही यूएई के गेंदबाजों की खबर लेनी शुरू कर दी. उन्होंने 30 गेंद में अपना अर्धशतक और फिर 56 गेंद में शतक पूरा किया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने जॉर्ज के साथ दूसरे विकेट के लिए 212 रन की साझेदारी की. वह 33वें ओवर में स्पिनर सूरी की गेंद पर आउट हुए. उनके आउट होने के बाद मध्य क्रम ने लय बनाए रखी, जिसमें वेदांत त्रिवेदी (34 गेंद में 38 रन), अभिज्ञान कुंडू (17 गेंद में नाबाद 32) और कनिष्क चौहान (12 गेंद में नाबाद 28) ने रनों का प्रवाह जारी रखते हुए भारत को 400 रन के आंकड़े के पार पहुंचाया.

यूएई को ऑल आउट नहीं कर सकी टीम इंडिया

यूएई ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 53 रन तक छह विकेट गंवा दिए, सूरी और मधु ने इसके बाद सातवें विकेट के लिए 144 गेंद में 85 रन की साझेदारी कर टीम के हार को अंतर को कम किया. सूरी ने एक छोर संभाले रखा जिससे भारतीय टीम ने नौ गेंदबाजों के इस्तेमाल के बावजूद यूएई को ऑल आउट नहीं कर सकी.

इनपुट- भाषा