×

वैभव सूर्यवंशी को मिला पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, जानिए क्यों मिलता है यह सम्मान ?

वैभव सूर्यवंशी को राष्ट्रपति द्रौपद्री मुर्मू ने नई दिल्ली में पुरस्कार से सम्मानित किया. वह इस साल टी-20 में तीन शतक लगा चुके हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 26, 2025 4:09 PM IST

Vaibhav Suryavanshi Received Prime minister National Children Award: भारत के 14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को खास सम्मान मिला है. वैभव सूर्यवंशी को शुक्रवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें सम्मानित किया.

वैभव सूर्यवंशी इस समय प्रचंड फॉर्म में हैं. उन्होंने बुधवार को विजय हजारे ट्रॉफी में सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 84 गेंदों पर 15 छक्के और 16 चौकों की मदद से 190 रन की पारी खेली थी. वह इस साल टी-20 में तीन शतक लगा चुके हैं. वह आईपीएल में और विजय हजारे ट्रॉफी में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज भी हैं.

क्यों मिलता है यह सम्मान ?

राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भारत का प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान है, जो बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए दिया जाता है. महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की तरफ से दिए जाने वाले पुरस्कार को पाने वाले बच्चे की उम्र पांच से 18 साल के बीच होनी चाहिए.

साल 2025 में वैभव ने किया धमाकेदार प्रदर्शन

वैभव सूर्यवंशी ने इस साल आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए 35 बॉल में शतक लगाकर खूब सुर्खियां बटोरी. इसके अलावा साल 2025 उनके लिए असाधारण रहा और उन्होंने इस साल कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए. उन्होंने घरेलू क्रिकेट के अलावा अंडर-19 स्तर पर इंटरनेशनल क्रिकेट में भी अपना जलवा दिखाया. वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह से प्रदर्शन किया है, उन्हें भारत का अगला सुपरस्टार माना जा रहा है.

पुरस्कार में क्या मिलता है ?

राष्ट्रीय बाल पुरस्कार पाने वाले बच्चों को राष्ट्रपति की तरफ से मेडल के साथ प्रमाण पत्र और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है. इसके अलावा विजेताओं को एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार भी मिलता है. इन बच्चों को गणतंत्र दिवस परेड में भी शामिल होने का मौका मिलता है.