×

पहले मैच में तूफानी शतक, अब विजय हजारे टूर्नामेंट से क्यों बाहर हुए वैभव सूर्यवंशी, जानिए वजह

वैभव सूर्यवंशी ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था और 84 गेंदों पर 15 छक्के और 16 चौकों की मदद से 190 रन की पारी खेली थी.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 26, 2025 10:27 AM IST

Vaibhav Suryavanshi ruled out: विजय हजारे ट्रॉफी में पहले मैच में धमाकेदार शतक के बाद वैभव सूर्यवंशी अब टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. वैभव सूर्यवंशी शुक्रवार को मणिपुर के खिलाफ खेले जा रहे मैच में टीम का हिस्सा नहीं है. वैभव सूर्यवंशी के टूर्नामेंट से बाहर होने की वजह इंजरी नहीं है, बल्कि उनके बाहर होने की वजह खास है.

दरअसल वैभव सूर्यवंशी को केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. शुक्रवार 26 दिसंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में द्रौपदी मुर्मू खुद उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार देंगी. इस कार्यक्रम के बाद भी वह बिहार टीम से नहीं जुड़ पाएंगे.

भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा बनेंगे वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी को भारत की अंडर-19 टीम के साथ जुड़ना है. भारतीय अंडर-19 टीम 30 दिसंबर को साउथ अफ्रीका दौरे के लिए रवाना होगी, जहां 4 से 9 जनवरी के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी. अंडर-19 वर्ल्ड कप की तैयारियों को लेकर यह सीरीज भारत के लिए काफी अहम है. चार जनवरी को भारत और साउथ अफ्रीका की टीम पहले वनडे में आमने-सामने होंगे, जहां वैभव टीम इंडिया के लिए खेलते नजर आएंगे.

TRENDING NOW

वैभव सूर्यवंशी ने खेली थी 190 रन की पारी

बिहार क्रिकेट टीम ने बुधवार को रांची के जेएससीए ओवल ग्राउंड में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 574 रन बनाए हैं. लिस्ट ए क्रिकेट का यह सबसे बड़ा स्कोर है. पारी की शुरुआत करने आए वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 84 गेंदों पर 15 छक्के और 16 चौकों की मदद से 190 रन की पारी खेली थी. कप्तान सकिबुल गनी ने 40 गेंद पर 12 छक्के और 10 चौकों की मदद से नाबाद 128 रन बनाए थे. वहीं आयुष ने 56 गेंद पर 8 छक्के और 11 चौकों की मदद से 116 रन की पारी खेली थी.