×

वरुण चक्रवर्ती के नाम धर्मशाला में दर्ज हो सकती है बड़ी उपलब्धि, ऐसा करने वाले...

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले दो टी20 मैचों में वरुण ने चार विकेट हासिल किए थे, वह धर्मशाला में एक विकेट लेते ही खास लिस्ट में जगह बना लेंगे.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 14, 2025 10:30 AM IST

IND VS SA 3rd T20I: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज धर्मशाला में खेला जाना है. भारतीय टीम के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के नाम इस मैच में बड़ी उपलब्धि दर्ज हो सकती है. वरुण चक्रवर्ती इस मुकाबले में टी20 में सबसे तेज गति से 50 विकेट पूरे करने वाले दूसरे भारतीय बन सकते हैं.

वरुण चक्रवर्ती ने 31 टी20 मैचों में 49 विकेट हासिल किए हैं. धर्मशाला टी20 उनके करियर का 32वां मैच होगा, अगर वह 1 विकेट लेने में भी कामयाब होते हैं, तो उनके विकेटों की संख्या 50 हो जाएगी. वह टी20 में 50 विकेट लेने वाले भारत के 12वें गेंदबाज बन जाएंगे. साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले 2 टी20 मैचों में वरुण ने चार विकेट हासिल किए हैं. इस बात की पूरी संभावना है कि धर्मशाला में वह 50 विकेट का आंकड़ा छू सकते हैं.

कुलदीप यादव के नाम है सबसे तेज 50 विकेट लेने का रिकॉर्ड

भारत की तरफ से सबसे तेज 50 टी20 विकेट लेने का रिकॉर्ड कुलदीप यादव के नाम है. कुलदीप ने 30 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी. अर्शदीप सिंह ने 33, रवि बिश्नोई ने 33, युजवेंद्र चहल ने 34, और जसप्रीत बुमराह ने 41 मैचों में 50 विकेट लिए थे.

TRENDING NOW

1-1 से बराबरी पर है सीरीज

पांच टी20 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर है. कटक में खेले गए पहले टी20 में भारतीय टीम ने 101 रन से जीत हासिल कर सीरीज में बढ़त बनाई थी, मगर मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 51 रन से हराकर वापसी की. भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता कप्तान सूर्यकुमार यादव और उप कप्तान शुभमन गिल की फॉर्म है, दोनों ही बल्लेबाज लंबे समय से आउट ऑफ फॉर्म हैं, इनकी लगातार असफलता का असर टीम पर पड़ रहा है, धर्मशाला में इन दोनों पर निगाहें होंगी, अगर इनका बल्ला नहीं चला तो भारतीय टीम की मुश्किलें इस मैच में बढ़ सकती हैं.