- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Vengsarkar exposes BCCI’s failure and said Just having IPL, earning crores should not be only achievement
'IPL से करोड़ो कमाए लेकिन बेंच स्ट्रेंथ कहां है'? पूर्व कप्तान ने BCCI पर बोला जोरदार हमला
टीम इंडिया पिछले 10 साल से एक भी ICC खिताब नहीं जीत पाई है. टीम इंडिया ने आखिरी बार ICC का खिताब साल 2013 में जीता था.
Published On Jun 19, 2023, 01:53 PM IST
Last UpdatedJun 19, 2023, 01:53 PM IST
star sports
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड होने का दम भरता है लेकिन टीम इंडिया को बड़े टूर्नामेंट में मिल रही नाकामी ने भारतीय फैंस ही नहीं बल्कि पूर्व क्रिकेटरों को भी आग उगलने पर मजबूर कर दिया है. BCCI की आलोचना करने वाले पूर्व क्रिकेटरों में अब टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य दिलीप वेंगसरकर का नाम जुड़ गया है.
वेंगसरकर ने बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट पर बड़ा निशाना साधते हुए कहा है कि बोर्ड ने पैसा तो खूब कमा लिया लेकिन हम भविष्य का कप्तान नहीं खोज पाए.
वेंगसरकर ने हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में कहा, दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि पिछले 6-7 सालों में मैंने जिन चयनकर्ताओं को देखा है, उनमें न तो दृष्टि है, न ही खेल के बारे में गहरी जानकारी है और न ही क्रिकेट की समझ है. उन्होंने शिखर धवन को भारत का कप्तान बनाया (जब दौरे ओवरलैप हो गए और मुख्य खिलाड़ी अनुपलब्ध थे); यहीं पर आप भावी कप्तान को तैयार कर सकते थे.”
BCCI मैनेजमेंट की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, “आपने किसी को तैयार नहीं किया है. आप बस आते ही खेलते हैं. आप दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड की बात करते हैं, बेंच स्ट्रेंथ कहां है? सिर्फ आईपीएल होना, मीडिया राइट्स में करोड़ों रुपये कमाना ही एकमात्र उपलब्धि नहीं होनी चाहिए.”
गौरतलब है कि टीम इंडिया पिछले 10 साल से एक भी ICC खिताब नहीं जीत पाई है. टीम इंडिया ने आखिरी बार ICC का खिताब साल 2013 में जीता था. तब टीम इंडिया ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था.
हाल ही में टीम इंडिया के पास वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतने का शानदार मौका था लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को करारी शिकस्त देते हुए खिताब अपने नाम कर लिया. भारत के पास अब इस साल घर में होने वाले वर्ल्ड कप जीतने का मौका होगा हालांकि ये इतना भी आसान नहीं होगा.