• Home
  • News
  • video asif ali fareed ahmad Fight pakistan vs afghanistan match asia cup 2022 pak vs afg

VIDEO: आउट होने के बाद आसिफ अली ने खोया आपा, गेंदबाज को मारने के लिए उठाया बल्ला

Asif Ali-Fareed Ahmad Fight: पाकिस्तान के बल्लेबाज आसिफ अली ने एक घटिया हरकत कर अपनी पूरी टीम को शर्मसार होने पर मजबूर कर दिया।

Edited By : Cricket Country Staff |Sep 08, 2022, 01:14 AM IST

Published On Sep 08, 2022, 01:14 AM IST

Last UpdatedSep 08, 2022, 01:14 AM IST

Twitter

एशिया कप 2022 में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच खेला गया सुपर-4 राउंड का चौथा मैच टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मैच साबित हुआ। इस मैच में जहां नसीम शाह अपने शानदार मैच जिताऊ 2 छक्कों के कारण पाकिस्तनी फैंस के हीरो बन गए तो वहीं, पाकिस्तान के बल्लेबाज आसिफ अली ने एक घटिया हरकत कर अपनी पूरी टीम को शर्मसार होने पर मजबूर कर दिया।

दरअसल, शारजाह के मैदान पर बुधवार यानी 7 सिंतबर को खेला गया रोमांचक मुकाबला पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों के लिए अहम था। पाकिस्तान जहां इस मैच के जरिए फाइनल का टिकट हासिल करना चाहता था तो वहीं, अफगानिस्तान के लिए टूर्नामेंट में खुद को बनाए रखने का ये आखिरी मौका था।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

अफगानिस्तान टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने के लिए उतरी और 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर सिर्फ 129 रन ही बना सकी। इसके जवाब में पाकिस्तान का आगाज भी बेहद खराब रहा और उसने 3.1 ओवर में ही बाबर और फखर के विकेट गंवा दिए। मोहम्मद रिजवान भी 20 रन बनाकर 9वें ओवर में चलते बने।

इसके बाद इफ्तिखार और शादाब ने मिलकर पारी को संभाला और टीम का स्कोर 100 रन के करीब तक ले गए। इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होते ही पाकिस्तान की पूरी टीम लड़खड़ा गई और पाकिस्तान ने 109 रन के स्कोर अपने 7 बल्लेबाज खो दिए। अब पाकिस्तान को जीत के लिए आखिरी 2 ओवर में 21 रनों की दरकार थी और क्रीज पर खड़े थे आसिफ अली और हारिस रउफ।

19वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए तेज गेंदबाज फरीद अहमद और उन्होंने अपनी दूसरी ही गेंद पर हारिस रऊफ को क्लीन बोल्ड कर दिया। अब सारा दारोमदरा आसिफ के कंधों पर था जो भारत के खिलाफ अपनी शानदार बल्लेबाजी का नमूना दिखा चुके थे। ओवर की तीसरी गेंद पर नए बल्लेबाज नसीम ने सिंगल लिया और आसिफ स्ट्राईकर एंड पर आ गए।

आसिफ ने चौथी गेंद पर बेहतरीन छक्का जड़ दिया लेकिन अगली ही गेंद कैच आउट हो गए और इस तरह पाकिस्तान ने अपना 9वां विकेट गंवा दिया। इसके बाद फरीद अहमद पूरे जोश में अपना हाथ हवा में उठाते हुए विकेट का जश्न मनाने लगे ये। इस दौरान आसिफ और फरीद आमने-सामने आ गए और आसिफ ने गेंदबाज पर अपनी कोहनी दे मारी और फिर बल्ला फरीद की ओर उठा दिया। ऐसा लग रहा था कि शायद फरीद ने आसिफ को आउट करने के बाद कुछ कहा था और आसिफ काफी गुस्सा हो गए। इसके बाद मामला बढ़ता देख अंपायर और अफगानिस्तान के खिलाड़ी बीच-बचाव के लिए आ गए।

आसिफ 8 गेंदों में 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह ने आखिरी ओवर में पहली 2 गेंदों पर लगातार दो छक्के जड़ पाकिस्तान को शानदार अंदाज में जीत दिलाते हुए पाकिस्तान को फाइनल में पहुंचा दिया। हालांकि आसिफ अली के इस तरह के दुर्व्यवहार ने पूरे क्रिकेट जगत को शर्मसार कर दिया।

 

 

 

 

Editor's Pick