आखिरी ओवर से पहले नसीम शाह ने हसनैन से क्यों बदला था बल्ला, जीत के बाद किया बड़ा खुलासा
नसीम शाह ने 9 विकेट गिरने के बाद आखिरी ओवर में लगातार 2 छक्के जड़ न केवल पाकिस्तान को जीत दिलाई बल्कि एशिया कप 2022 के फाइनल में भी पहुंचा दिया।
Published On Sep 08, 2022, 02:20 AM IST
Last UpdatedSep 08, 2022, 02:20 AM IST
Twitter/pakistan Cricket
एशिया कप 2022 के सुपर-4 राउंड के चौथे मैच में पाकिस्तान की जीत का सेहरा 19 साल के युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह के सिर बंधा। नसीम ने 9 विकेट गिरने के बाद आखिरी ओवर में लगातार 2 छक्के जड़ न केवल पाकिस्तान को जीत दिलाई बल्कि टूर्नामेंट के फाइनल में भी पहुंचा दिया। इस जीत के बाद नसीम ने खुलासा किया कि उन्हें खुद पर यकीन था कि वह बड़े हिट मारकर टीम को जिता सकते हैं।
पाकिस्तान को फाइनल में पहुंचाने के बाद नसीम शाह ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में रवि शास्त्री से बातचीत में कहा, “जब मैं बैटिंग पर आया था मुझे भरोसा था कि मैं छक्के तो मार सकता हूं क्योंकि मैं नेट में प्रैक्टिस करता हूं। मुझे यह भी पता था कि गेंदबाज़ मुझे यॉर्कर मारने की कोशिश करेंगे। दो फील्डर उन्होंने ऊपर लिए थे। कोशिश की और लगा दिए। मैं अपने पार्टनर से भी यही बात कर रहा था कि हम बड़े शॉट लगा सकते हैं। मैंने उससे बल्ला बदला क्योंकि मैंने कहा कि मेरा बल्ला ठीक नहीं है। बल्ला चेंज करने के बाद मैंने 2 छक्के लगा दिए।”
🗣️ Belief in his batting ability and exchanging the bat with @MHasnainPak – @iNaseemShah reflects on his match-winning sixes ✨#AsiaCup2022 | #AFGvPAK pic.twitter.com/sxuxu1359u
— Pakistan Cricket (@TheRealPCB) September 7, 2022
उन्होंने कहा, “जब आसिफ बल्लेबाज़ी कर रहे थे तो मैं सिंगल देने का प्रयास कर रहा था लेकिन जब वो आउट हुए तो मैं बड़े शॉट लगाने का कोशिश कर रहा था। एक पल के लिए तो मैं यह भूल गया था कि मैं बोलर हूं।”
नसीम ने आगे कहा, “मेरे लिए ये मैच हमेशा यादगार रहेगा। जब 9 आउट होते हैं तो किसी को भी उम्मीद नहीं होती है। मैं हिटिंग की काफी प्रैक्टिस करता हूं। मुझे भरोसा था कि मैं कर सकता हूं। बॉलिंग भी अच्छी रही लेकिन अब सब भूल गए हैं कि कि मैं बोलर भी हूं।”
गौरतलब है कि इस रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को जीत के लिए 130 रन का लक्ष्य मिला था जिसे उसने 19.2 ओवर में 9 विकेट खोकर हासिल कर लिया। शादाब ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे जिन्होंने चार ओवर में 27 रन देकर एक विकेट लेने के बाद 26 गेंद में 36 रन की अहम पारी खेली।