U19 WC 2026: भारत ने बांग्लादेश को चटाई धूल, टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत, विहान मल्होत्रा ने गेंद से बरपाया कहर

विहान मल्होत्रा को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया. लगातार दूसरी जीत के साथ भारत ने ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान पर मजबूती बना ली है.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Jan 17, 2026, 10:05 PM IST

Published On Jan 17, 2026, 10:05 PM IST

Last UpdatedJan 17, 2026, 10:05 PM IST

Vihaan Malhotra

Vihaan Malhotra

IND U19 VS BAN U19: वैभव सूर्यवंशी (72) और अभिज्ञान कुंडू (80) के अर्धशतक के बाद विहान मल्होत्रा की घातक गेंदबाजी से भारत ने बांग्लादेश को अंडर-19 वर्ल्ड कप में डकबर्थ लुईस नियम से 18 रन से हरा दिया. भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप में यह लगातार दूसरी जीत है.

भारतीय टीम बारिश से प्रभावित मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.4 ओवर में 238 रन पर ऑल आउट हो गई, जवाब में बांग्लादेश ने 17.2 ओवर में दो विकेट पर 90 रन बनाए थे, तब बारिश से खेल रोकना पड़ा, इसके बाद बांग्लादेश को जीत के लिए 29 ओवर में 165 रन का संशोधित लक्ष्य मिला. बांग्लादेश की टीम 28.3 ओवर में 146 रन पर ढेर हो गई. विहान मल्होत्रा ने चार ओवर में 14 रन देकर चार विकेट चटकाए. विहान मल्होत्रा को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया. लगातार दूसरी जीत के साथ भारत ने ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान पर मजबूती बना ली है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

बारिश के चलते टॉस में देरी

क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में बारिश के चलते टॉस में देरी हुई. सिक्के का उछाल बांग्लादेश के पक्ष में रहा और भारतीय टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी, जिसने 12 के स्कोर तक दो विकेट गंवा दिए थे, यहां से विहान मल्होत्रा ने वैभव सूर्यवंशी के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की.

वैभव सूर्यवंशी ने खेली 72 रन की पारी

विहान 24 गेंदों में 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सूर्यवंशी ने अभिज्ञान कुंडू के साथ चौथे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 115 के स्कोर तक पहुंचाया. वैभव 67 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 72 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कुंडू ने मोर्चा संभाला, उन्होंने कनिष्क चौहान के साथ छठे विकेट के लिए 54 रन जुटाए.

अभिज्ञान कुंडू ने बनाए 80 रन

भारतीय टीम 39 ओवरों के खेल तक 6 विकेट खोकर 192 रन बना चुकी थी, इसी बीच बारिश ने फिर से दखल दिया. जब मुकाबला दोबारा शुरू हुआ, तो एक-एक ओवर की कटौती की गई, हालांकि, टीम इंडिया 48.4 ओवरों में ही सिमट गई, कुंडू ने 112 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 80 रन बनाए, जबकि कनिष्क चौहान ने 28 रन टीम के खाते में जोड़े. बांग्लादेश के लिए अल फहाद ने 9.2 ओवरों में 38 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जबकि इकबाल हुसैन और अजीजुल हामिम तमीम ने 2-2 विकेट निकाले. इनके अलावा, शेख पावेज जिबोन ने एक विकेट हासिल किया.

अजीजुल हामिम तमीम ने बांग्लादेश के लिए जड़ा अर्धशतक

टारगेट का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम को चौथी गेंद पर जवाद अबरार (5) के रूप में झटका लगा. यहां से रिफत बेग ने कप्तान अजीजुल हामिम तमीम के साथ 56 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. बांग्लादेश 17.2 ओवरों में 2 विकेट गंवाकर 90 रन बना चुकी थी, यहां से एक बार फिर बारिश ने खेल रोका। मुकाबला जब फिर से शुरू हुआ, तो बांग्लादेश को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 29 ओवरों में 165 रन का संशोधित लक्ष्य मिला. इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम 28.3 ओवरों में 146 रन पर सिमट गई.

तमीम ने 72 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 51 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. भारत की तरफ से विहान मल्होत्रा ने 4 ओवरों में 14 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि खिलन पटेल ने 2 विकेट निकाले. इनके अलावा, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान ने 1-1 विकेट हासिल किया. भारतीय टीम ने भी फील्डिंग में कमाल किया. वैभव सूर्यवंशी और विहान मल्होत्रा ने बांउड्री लाइन पर शानदार कैच लपका.

Editor's Pick